Home / मुख्य ख़बर / श्रावण मास में रोटरी हरिद्वार का सेवा अभियान, कांवड़ यात्रियों को बांटी जाएंगी 01 लाख जूस की बोतलें…

श्रावण मास में रोटरी हरिद्वार का सेवा अभियान, कांवड़ यात्रियों को बांटी जाएंगी 01 लाख जूस की बोतलें…

हरिद्वार। श्रावण मास में कांवड़ यात्रा के दौरान सेवा कार्यों की परंपरा को आगे बढ़ाते हुए रोटरी हरिद्वार इस वर्ष भी विशेष सेवा अभियान संचालित करेगा। अभियान के तहत कांवड़ यात्रियों को लगभग एक लाख जूस की बोतलों का वितरण किया जाएगा। इसके साथ ही कांवड़ मेले की सुरक्षा और व्यवस्था में दिन-रात तैनात पुलिस कर्मियों को भी जूस उपलब्ध कराए जाएंगे।
रोटरी हरिद्वार के अनुसार, Emami Group की कंपनी Axiom के सहयोग से AluFrut ब्रांड के जूस की बोतलें उपलब्ध कराई जाएंगी। संस्था का उद्देश्य यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं को राहत पहुंचाने के साथ-साथ सेवा कार्यों को और प्रभावी बनाना है।
रोटरी हरिद्वार के अध्यक्ष रोटेरियन डॉ. नीलमाधव साहू ने बताया कि यह अभियान संस्था की सामाजिक सेवा के प्रति प्रतिबद्धता का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि रोटरी हरिद्वार का प्रयास रहेगा कि अधिक से अधिक कांवड़ यात्रियों तक जूस की बोतलें पहुंचाई जाएं, ताकि यात्रा के दौरान उन्हें आवश्यक राहत मिल सके।
इस सेवा अभियान के संयोजक एवं रोटरी हरिद्वार के पूर्व अध्यक्ष आईपीपी रोटेरियन डॉ. आलोक सरस्वत हैं, जो पूरे अभियान के संचालन और समन्वय की जिम्मेदारी निभा रहे हैं।
रोटरी हरिद्वार ने स्पष्ट किया कि सेवा अभियान केवल कांवड़ यात्रियों तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि यात्रा को सुरक्षित और सुव्यवस्थित बनाने में जुटे पुलिसकर्मियों को भी जूस वितरित किए जाएंगे।
संस्था ने अपने सभी सदस्यों, समाजसेवियों और नागरिकों से इस सेवा अभियान में सहयोग करने की अपील करते हुए कहा कि श्रावण मास में मानव सेवा के इस पुनीत कार्य को जनसहभागिता के माध्यम से सफल बनाया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!