Home / मुख्य ख़बर / रोटरी हरिद्वार ने नए रोटरी वर्ष की दमदार शुरुआत, पहले दिन आयोजित किए पांच सेवा कार्यक्रम…

रोटरी हरिद्वार ने नए रोटरी वर्ष की दमदार शुरुआत, पहले दिन आयोजित किए पांच सेवा कार्यक्रम…

हरिद्वार। रोटरी वर्ष 2026-27 के शुभारंभ के साथ ही रोटरी हरिद्वार ने सेवा, पर्यावरण संरक्षण, सम्मान और आध्यात्मिकता का संदेश देते हुए पहले ही दिन पांच विभिन्न जनहित कार्यक्रमों का आयोजन किया। नवनिर्वाचित अध्यक्ष रो. डॉ. नीलमाधव साहू के नेतृत्व में आयोजित इन कार्यक्रमों ने नए रोटरी वर्ष की सक्रिय और जनसेवा केंद्रित कार्यशैली की झलक पेश की।
कार्यक्रमों की शुरुआत “अतिथि देवो भवः” अभियान से हुई, जिसके तहत हरिद्वार पहुंचे तीर्थयात्रियों का आत्मीय स्वागत किया गया। इसके बाद पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से वृक्षारोपण अभियान चलाकर पौधे लगाए गए।
इंटरनेशनल डॉक्टर्स डे के अवसर पर समाज की सेवा में महत्वपूर्ण योगदान देने वाले चिकित्सकों को सम्मानित किया गया। वहीं इंटरनेशनल सीए डे के उपलक्ष्य में चार्टर्ड अकाउंटेंट्स को उनके पेशेवर योगदान के लिए सम्मान प्रदान किया गया।
दिन का समापन हर की पैड़ी पर माँ गंगा की भव्य आरती में सहभागिता के साथ हुआ, जिसमें पूरे ज़ोन के रोटरी सदस्यों ने भाग लेकर नए रोटरी वर्ष की सुख, समृद्धि और जनसेवा के संकल्प के साथ शुरुआत की।
रोटरी हरिद्वार के अध्यक्ष रो. डॉ. नीलमाधव साहू ने कहा कि संस्था का उद्देश्य समाज के प्रत्येक वर्ग तक सेवा गतिविधियों को पहुंचाना है। उन्होंने कहा कि नए रोटरी वर्ष में स्वास्थ्य, शिक्षा, पर्यावरण संरक्षण और सामाजिक सरोकारों से जुड़े अनेक जनकल्याणकारी कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
सेवा, सम्मान, पर्यावरण संरक्षण और आध्यात्मिकता के इन पांच प्रेरणादायी कार्यक्रमों के साथ रोटरी हरिद्वार ने नए रोटरी वर्ष का आगाज़ करते हुए यह संदेश दिया कि “सेवा ही सर्वोपरि है।”

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!