Home / मुख्य ख़बर / हरिद्वार में “रोको-टोको अभियान” शुरू, घर-घर पहुंचकर नगर निगम ने स्वच्छता का दिया संदेश…

हरिद्वार में “रोको-टोको अभियान” शुरू, घर-घर पहुंचकर नगर निगम ने स्वच्छता का दिया संदेश…

हरिद्वार। धर्मनगरी हरिद्वार को स्वच्छ और सुंदर बनाने की दिशा में नगर निगम ने “रोको-टोको अभियान” की शुरुआत की है। नगर आयुक्त नंदन कुमार के निर्देशन में चल रहे इस अभियान के तहत निगम की टीम घर-घर जाकर लोगों को स्वच्छता के प्रति जागरूक कर रही है।
अभियान के तहत उप नगर आयुक्त दीपक गोस्वामी और सैनिटेशन सेल प्रभारी संजय शर्मा आर्यनगर वार्ड पहुंचे, जहां उन्होंने स्थानीय पार्षद सपना शर्मा के साथ नागरिकों से संवाद किया। इस दौरान लोगों को गीले और सूखे कचरे को अलग-अलग डस्टबिन में रखने के लिए प्रेरित किया गया।
नगर निगम की टीम ने खास तौर पर उन लोगों को जागरूक किया, जो घर-घर कचरा संग्रहण करने वाले पर्यावरण मित्रों को समय पर कचरा नहीं देते हैं। ऐसे नागरिकों को गुलाब का फूल देकर स्वच्छता का संदेश दिया गया, जबकि नियमों का पालन करने वालों को सराहना भी दी गई।
उप नगर आयुक्त दीपक गोस्वामी ने कहा कि शहर को स्वच्छ बनाए रखने में जनसहभागिता सबसे अहम है। उन्होंने बताया कि नियमों के उल्लंघन पर जुर्माना भी लगाया जाता है, लेकिन इसके बावजूद कई लोग लापरवाही बरतते हैं। इसी को देखते हुए इस अभियान के माध्यम से सीधे संवाद कर जागरूकता बढ़ाने का प्रयास किया जा रहा है।
उन्होंने नागरिकों से अपील की कि गीला कचरा हरे डस्टबिन और सूखा कचरा नीले डस्टबिन में रखें, जबकि डायपर जैसे जैविक कचरे को अलग थैले में डालकर ही सौंपें।
नगर निगम ने “स्वच्छता सर्वेक्षण 2026” में बेहतर प्रदर्शन के लिए शहरवासियों से अधिक से अधिक फीडबैक देने की अपील भी की है। यह अभियान शहर के सभी 60 वार्डों में लगातार चलाया जा रहा है, जिससे स्वच्छता को जनआंदोलन बनाया जा सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!