कुम्भ मेले को लेकर शासन-प्रशासन स्तर पर तैयारियां हुई तेज, सचिव शहरी विकास विभाग ने मेले की तैयारियों का किया स्थलीय निरीक्षण…

हरिद्वार। आगामी कुम्भ मेला-2027 को लेकर शासन-प्रशासन स्तर पर तैयारियां तेज कर दी गई हैं। इसी क्रम में शहरी विकास तथा सूचना प्रौद्योगिकी विभाग के सचिव नितेश कुमार झा ने शुक्रवार को हरिद्वार पहुंचकर कुम्भ मेला क्षेत्र में प्रस्तावित व्यवस्थाओं का स्थलीय निरीक्षण किया। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि कुम्भ मेला-2027 को सुव्यवस्थित एवं भव्य रूप से आयोजित करने हेतु सभी आवश्यक तैयारियां समयबद्ध रूप से पूर्ण की जाएं। उन्होंने कुंभ क्षेत्र को स्वच्छ, सुंदर एवं सुव्यवस्थित बनाए रखने पर विशेष बल देते हुए कहा कि साधु-संतों एवं श्रद्धालुओं के लिए सभी आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जाएंगी, साथ ही सभी संबंधित विभागों को सौंपे गए कार्यों को निर्धारित समय सीमा में पूर्ण करने के निर्देश दिए।
सचिव झा ने पंतद्वीप चमगादड़ टापू सेक्टर में ₹172.01 लाख की लागत से निर्माणाधीन अंतःस्रोत कूप का निरीक्षण किया तथा कार्यदायी संस्था उत्तराखंड पेयजल निगम के अभियंताओं को गुणवत्ता का विशेष ध्यान रखने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि इस कूप से होने वाली जलापूर्ति हेतु स्थायी पाइपलाइन बिछाई जाए, ताकि भविष्य के मेलों में भी इसका उपयोग हो सके। उन्होंने पंतद्वीप क्षेत्र में कुम्भ के अतिरिक्त अन्य अवसरों पर भी गतिविधियां आयोजित करने की कार्ययोजना बनाने को कहा।
इसके अतिरिक्त उन्होंने बैरागी कैंप में ₹526.81 लाख की लागत से 1500 के.एल. क्षमता के ओवरहेड टैंक एवं नलकूप निर्माण कार्य, दक्षद्वीप क्षेत्र में ₹172.01 लाख की लागत से निर्माणाधीन अंतःस्रोत कूप, शिवालिक नगर क्षेत्र में सड़क चौड़ीकरण कार्य तथा पथरी रौ नदी पर ₹966.61 लाख की लागत से निर्माणाधीन पुल की प्रगति का भी स्थलीय निरीक्षण किया। बैरागी कैंप, दक्षद्वीप, धीरवाली पार्किंग स्थल सहित विभिन्न स्थलों का भ्रमण कर उन्होंने प्रस्तावित अस्थायी व्यवस्थाओं की जानकारी ली।
हरकी पैड़ी को जोड़ने वाले मार्गों एवं पुलों का निरीक्षण करते हुए उन्होंने समुचित मरम्मत, सौंदर्यीकरण तथा सुरक्षित एवं सुगम आवागमन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। खुले स्थलों के सौंदर्यीकरण तथा श्रद्धालुओं के लिए उपयुक्त स्थानों पर सुव्यवस्थित शौचालय स्थापित करने पर भी जोर दिया। मेला नियंत्रण भवन स्थित कमांड एंड कंट्रोल सेंटर का निरीक्षण करते हुए सचिव ने इसे और अधिक सुदृढ़ बनाए जाने के निर्देश दिए।
डामकोठी में आयोजित समीक्षा बैठक में मेला प्रशासन, जिला प्रशासन, पुलिस विभाग एवं विभिन्न कार्यदायी संस्थाओं के अधिकारियों के साथ मेले से संबंधित कार्यों की प्रगति की समीक्षा की गई। उन्होंने निर्देश दिए कि स्थायी प्रकृति के सभी कार्य अविलंब प्रारंभ कर निर्धारित समय पर पूर्ण किए जाएं तथा अस्थायी कार्यों से संबंधित प्रस्ताव शीघ्र प्रस्तुत किए जाएं। आईटीडीए, पुलिस विभाग एवं टीसीआईएल के प्रतिनिधियों के साथ कुम्भ क्षेत्र में सीसीटीवी एवं ड्रोन सर्विलांस की प्रस्तावित कार्ययोजना पर विचार-विमर्श करते हुए उन्होंने पूर्व में स्थापित सभी सीसीटीवी कैमरों की उपयोगिता का ऑडिट कराने तथा कुम्भ क्षेत्र के प्रमुख स्थलों को निगरानी के दायरे में लाने हेतु संशोधित तकनीकी कार्ययोजना तैयार करने के निर्देश दिए।
सचिव झा ने हरिद्वार रेलवे स्टेशन का निरीक्षण कर कुम्भ मेला को लेकर प्रस्तावित व्यवस्थाओं की जानकारी ली। उन्होंने रेलवे अधिकारियों से समन्वय स्थापित कर स्टेशन पर दूसरी ओर से भी यात्रियों के आवागमन हेतु ओवरब्रिज निर्माण तथा श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए एकीकृत योजना तैयार करने को कहा।
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी मयूर दीक्षित, मुख्य नगर आयुक्त नंदन कुमार, एसपी क्राइम जितेंद्र मेहरा, मुख्य विकास अधिकारी ललित नारायण मिश्रा, आईटीडीए के अपर निदेशक तीर्थपाल सिंह, एएसपी कुंभ विपिन कुमार, एचआरडीए सचिव मनीष कुमार, सिटी मजिस्ट्रेट कुश्म चौहान, उप मेलाधिकारी आकाश जोशी व मंजीत सिंह गिल तथा हरिद्वार रेलवे स्टेशन के अधीक्षक दिनेश कुमार सहित संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!