Home / मुख्य ख़बर / नगर आयुक्त के निर्देश पर घाट क्षेत्रों में डिस्पोजेबल मुक्त भोजनालय अभियान शुरू…

नगर आयुक्त के निर्देश पर घाट क्षेत्रों में डिस्पोजेबल मुक्त भोजनालय अभियान शुरू…

हरिद्वार। आगामी कांवड़ मेला-2026 को स्वच्छ, पर्यावरण अनुकूल एवं सुव्यवस्थित बनाने के उद्देश्य से नगर आयुक्त, नगर निगम हरिद्वार नंदन कुमार के निर्देशानुसार बुधवार को घाट क्षेत्रों में विशेष जनजागरूकता अभियान चलाया गया।
अभियान के अंतर्गत मुख्य सफाई निरीक्षक संजय शर्मा ने घाट क्षेत्रों में स्थित होटल, रेस्टोरेंट, ढाबों एवं अन्य भोजनालय संचालकों से व्यक्तिगत रूप से संपर्क कर उन्हें अपील की कि घाट क्षेत्र में भोजन परोसने हेतु डिस्पोजेबल दोने, पत्तल, कटोरी एवं अन्य एकल-उपयोग सामग्री का प्रयोग न करें तथा उनके स्थान पर स्टील के बर्तनों का उपयोग करें।
दुकानदारों को बताया गया कि कांवड़ मेले के दौरान घाटों पर श्रद्धालुओं की अत्यधिक संख्या के कारण डिस्पोजेबल सामग्री का उपयोग बढ़ जाता है, जिसे भोजन के उपरांत कई लोग वहीं फेंक देते हैं। इससे घाटों की स्वच्छता एवं पवित्रता प्रभावित होती है तथा सफाई व्यवस्था पर भी अतिरिक्त दबाव पड़ता है। ऐसे में स्टील के बर्तनों का प्रयोग स्वच्छता, पर्यावरण संरक्षण एवं अपशिष्ट में कमी लाने की दिशा में एक प्रभावी कदम सिद्ध होगा।
इस अवसर पर नगर आयुक्त नंदन कुमार ने कहा कि, “स्वच्छ कांवड़ मेले में प्रत्येक नागरिक एवं व्यापारी की भी सहभागिता आवश्यक है। घाट क्षेत्रों में स्टील के बर्तनों का अधिकाधिक उपयोग न केवल कूड़ा कम करेगा, बल्कि हरिद्वार की धार्मिक गरिमा, स्वच्छता एवं पर्यावरण संरक्षण में भी महत्वपूर्ण योगदान देगा। नगर निगम सभी व्यापारियों से इस जनहितकारी पहल में सहयोग की अपेक्षा करता है।”
अभियान के दौरान सफाई निरीक्षक विनय कुमार, अनिल कुमार तथा नगर निगम की टीम भी उपस्थित रही। व्यापारियों ने नगर निगम की इस नई पहल का स्वागत करते हुए स्वच्छ एवं हरित कांवड़ मेला आयोजित कराने में पूर्ण सहयोग का आश्वासन दिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!