
हरिद्वार / कनखल। श्रावण मास के पावन अवसर पर शिवडेल स्कूल, जगजीतपुर स्थित स्ववेद प्ले ग्रुप में श्रावण उत्सव अत्यंत श्रद्धा, उल्लास एवं भक्तिमय वातावरण में मनाया गया। भारतीय संस्कृति से बच्चों को जोड़ने के उद्देश्य से आयोजित इस कार्यक्रम में नन्हे-मुन्ने बच्चों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता कर सभी का मन मोह लिया। इस अवसर पर नन्हे मुन्ने बच्चों ने रंग-बिरंगी कांवड़ अपने नन्हे कंधों पर धारण कर मनोहारी कांवड़ यात्रा निकाली। यात्रा के दौरान पूरा विद्यालय परिसर “हर-हर महादेव” एवं “बम-बम भोले” के जयघोषों से गुंजायमान हो उठा और वातावरण पूर्णतः शिवमय हो गया। बच्चों ने भगवान शिव, माता पार्वती, नंदी एवं अन्य पौराणिक पात्रों की मनमोहक वेशभूषा धारण कर अपनी आकर्षक प्रस्तुतियों एवं नृत्य से अपनी प्रतिभा, उत्साह एवं भक्तिभाव का सुंदर प्रदर्शन किया।
विद्यालय के चेयरमैन स्वामी शरदपुरी महाराज ने अपने आशीर्वचन में कहा कि “भारतीय संस्कृति, आध्यात्मिक मूल्यों एवं नैतिक संस्कारों का बीजारोपण बाल्यावस्था से ही किया जाना चाहिए। ऐसे सांस्कृतिक एवं धार्मिक आयोजन बच्चों में संस्कार, अनुशासन, आध्यात्मिक चेतना तथा अपनी समृद्ध सांस्कृतिक विरासत के प्रति सम्मान की भावना विकसित करते हैं।”
विद्यालय के प्रधानाचार्य अरविंद बंसल ने कहा कि “शिवडेल स्कूल का उद्देश्य विद्यार्थियों का सर्वांगीण विकास करना है। शिक्षा के साथ-साथ भारतीय संस्कृति, नैतिक मूल्यों एवं पारंपरिक विरासत से बच्चों को जोड़ना हमारी प्राथमिकता है। ऐसे आयोजन बच्चों के व्यक्तित्व विकास, आत्मविश्वास तथा सांस्कृतिक जागरूकता को सुदृढ़ करते हैं।”
इस सफल आयोजन में विद्यालय के समन्वयक विपिन मलिक एवं शिक्षिकाओं दामिनी, रूचि, ममता, दीपा एवं मनीषा का विशेष योगदान रहा।










