
हरिद्वार। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की ईंधन बचत संबंधी अपील को जनआंदोलन का स्वरूप देने की दिशा में हरिद्वार जिला प्रशासन ने महत्वपूर्ण पहल की है। जिलाधिकारी मयूर दीक्षित गुरुवार को अपने आवास से पैदल चलकर कलेक्ट्रेट कार्यालय पहुंचे और अधिकारियों, कर्मचारियों व आमजन से ईंधन एवं विद्युत बचत में सहयोग की अपील की।
जिलाधिकारी मयूर दीक्षित ने कहा कि वर्तमान परिस्थितियों में ईंधन और ऊर्जा संरक्षण बेहद आवश्यक है। उन्होंने सभी विभागीय अधिकारियों और कर्मचारियों से अपेक्षा की कि जिनका आवास कार्यालय के निकट है, वे पैदल ही अपने कार्यालय पहुंचे।
डीएम ने बताए कि अधिकांश बैठकों का आयोजन वर्चुअल माध्यम से किया जाएग। केवल अत्यंत आवश्यक होने पर ही संबंधित अधिकारियों को बैठक में उपस्थित होने के लिए बुलाया जाएगा। इससे अनावश्यक वाहन उपयोग में कमी आएगी और समय की भी बचत होगी।
इसके साथ ही जिलाधिकारी ने सभी सरकारी कार्यालयों में विद्युत बचत को लेकर भी सख्त निर्देश जारी किए। उन्होंने कहा कि अनावश्यक रूप से लाइट और अन्य विद्युत उपकरण चालू न रखें। कार्यालय या कक्ष से बाहर निकलते समय सभी कर्मचारी उपकरण बंद करना सुनिश्चित करें, जिससे बिजली की बचत हो सके।
जिलाधिकारी मयूर दीक्षित ने जनपदवासियों से भी अपील की कि वे ईंधन और ऊर्जा संरक्षण को अपनी दैनिक जीवनशैली का हिस्सा बनाएं तथा पर्यावरण संरक्षण की दिशा में जिम्मेदारी निभाते हुए इस अभियान में सक्रिय सहभागिता करें।
