Home / मुख्य ख़बर / चारधाम यात्रियों की बढ़ी संख्या, शुक्रवार को ऋषिकुल केंद्र पर 4627 श्रद्धालुओं ने कराया पंजीकरण…

चारधाम यात्रियों की बढ़ी संख्या, शुक्रवार को ऋषिकुल केंद्र पर 4627 श्रद्धालुओं ने कराया पंजीकरण…

हरिद्वार। चारधाम यात्रा के प्रति श्रद्धालुओं का उत्साह लगातार बढ़ता जा रहा है। हरिद्वार स्थित ऋषिकुल मैदान में बनाए गए यात्री पंजीकरण केंद्र पर शुक्रवार को विभिन्न राज्यों से आए 4627 श्रद्धालुओं ने चारधाम यात्रा के लिए अपना पंजीकरण कराया। प्रशासन द्वारा की गई सुव्यवस्थित व्यवस्थाओं और त्वरित पंजीकरण प्रक्रिया की यात्रियों द्वारा लगातार सराहना की जा रही है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार आज यमुनोत्री धाम के लिए 740, गंगोत्री धाम के लिए 775, केदारनाथ धाम के लिए 1469, बद्रीनाथ धाम के लिए 1625 तथा हेमकुंड साहिब के लिए 18 यात्रियों ने पंजीकरण कराया। इस प्रकार कुल 4627 श्रद्धालुओं ने यात्रा पंजीकरण की प्रक्रिया पूरी की।
चारधाम यात्रा सीजन के दौरान ऋषिकुल मैदान पंजीकरण केंद्र श्रद्धालुओं के लिए बड़ी सुविधा साबित हो रहा है। यहां अब तक 04 लाख 21 हजार 745 यात्रियों का सफलतापूर्वक पंजीकरण किया जा चुका है, जो यात्रा के प्रति लोगों की आस्था और प्रशासन की प्रभावी व्यवस्थाओं को दर्शाता है।
यात्रियों की सुविधा के लिए पंजीकरण केंद्र पर पर्याप्त काउंटर, सहायता डेस्क, पेयजल, शौचालय बैठने की व्यवस्था, चिकित्सा सहायता तथा जानकारी उपलब्ध कराने के लिए कर्मियों की तैनाती की गई है। इसके अलावा ऑनलाइन और ऑफलाइन दोनों माध्यमों से पंजीकरण की सुविधा उपलब्ध होने से श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की परेशानी का सामना नहीं करना पड़ रहा है।
श्रद्धालुओं का कहना है कि पंजीकरण प्रक्रिया सरल और तेज है तथा प्रशासनिक अधिकारियों और कर्मचारियों का सहयोग भी सराहनीय है। यात्रा सीजन के दौरान बढ़ती भीड़ के बावजूद व्यवस्थाएं सुचारु रूप से संचालित की जा रही हैं।
जिला प्रशासन लगातार चारधाम यात्रियों को सुरक्षित, सुगम और सुविधाजनक यात्रा उपलब्ध कराने के लिए प्रयासरत है। यही कारण है कि हरिद्वार से चारधाम जाने वाले श्रद्धालुओं का विश्वास प्रशासनिक व्यवस्थाओं पर लगातार मजबूत हो रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!