
हरिद्वार। सहायक आयुक्त खाद्य सुरक्षा अधिकारी महिमानंद जोशी ने बताया कि आयुक्त गढ़वाल मंडल के निर्देशों के क्रम एवं जिलाधिकारी मयूर दीक्षित के निर्देशन में चारधाम यात्रा के दृष्टिगत उनके नेतृत्व में खाद्य सुरक्षा विभाग, खाद्य एवं आपूर्ति विभाग, बाट व माप नियंत्रण की संयुक्त टीम द्वारा गुरुवार को भूपतवाला, दूधाधारी चौक क्षेत्र स्थित होटल, ढाबा एवं रेस्टोरेन्ट आदि लगभग पन्द्रह प्रतिष्ठानों का निरीक्षण किया गया। जिसमें 06 ढाबों के संचालकों को साफ-सफाई न होने एवं लाइसेन्स में प्रतिष्ठान का पता सही न होंने पर नोटिस जारी किया गया, साथ ही तीन नमूना मसाले के “संग्रहण कर गुणवत्ता जांच हेतु खाद्य प्रयोगशाला भेजे गए एवं एक प्रतिष्ठान पर लगभग 1.5 किलो खुला पनीर नष्ट कराया गया, साथ ही सभी खाद्य कारोबारीकर्ताओं को रसोई एवं फ्रिज की साफ-सफाई व्यवस्थित करने के लिए निर्देश दिये गए।
बाट माप नियंत्रण विभाग द्वारा एक प्रतिष्ठान को अंकित मूल्य से अधिक मूल्य पर बिक्री करने पर चालान किया गया, साथ ही खाद्य आपूर्ति विभाग द्वारा सभी प्रतिष्ठानों को रेट लिस्ट चस्पा करने एवं घरेलू सिलेण्डर का व्यवसायिक प्रयोग नहीं करने के निर्देश दिये गए।
निरीक्षण के दौरान खाद्य सुरक्षा अधिकारी पवन कुमार एवं क्षेत्रीय खाद्य अधिकारी देवचंद, पूर्ति निरीक्षक मुकुल शर्मा एवं वरिष्ट निरीक्षक विधिक माप विज्ञान प्रदीप बिजलवाल शामिल रहे।
