
हरिद्वार। चारधाम यात्रा को लेकर श्रद्धालुओं में लगातार उत्साह बढ़ता जा रहा है। हरिद्वार स्थित ऋषिकुल मैदान में बनाए गए यात्री पंजीकरण केंद्र में शुक्रवार को विभिन्न राज्यों से आए कुल 14,801 यात्रियों ने चारधाम यात्रा के लिए अपना पंजीकरण कराया। जारी बुलेटिन के अनुसार यमुनोत्री धाम के लिए 3,286, गंगोत्री धाम के लिए 3,331, केदारनाथ धाम के लिए 4,123, बद्रीनाथ धाम के लिए 4,054 तथा हेमकुंड साहिब के लिए 07 यात्रियों ने पंजीकरण कराया। प्रशासन द्वारा पंजीकरण केंद्र पर श्रद्धालुओं के लिए सुव्यवस्थित व्यवस्था, त्वरित पंजीकरण प्रक्रिया, पेयजल, शौचालय, चिकित्सा सहायता एवं सुरक्षा प्रबंधन की सराहना की जा रही है। बड़ी संख्या में पहुंच रहे यात्रियों के बावजूद प्रशासनिक टीम बेहतर समन्वय के साथ व्यवस्थाओं को संभाल रही है। प्रशासन के अनुसार ऋषिकुल मैदान पंजीकरण केंद्र से अब तक कुल 02 लाख 58 हजार 516 श्रद्धालु चारधाम यात्रा के लिए पंजीकरण करवा चुके हैं।
