उत्तराखण्ड के पूर्व मुख्यमंत्री तीरथ सिंह रावत व यूपी के सिंचाई मंत्री स्वतंत्र देव सिंह ने स्वामी कैलाशानंद गिरी के सानिध्य में किया रूद्राभिषेक…

हरिद्वार। निरंजन पीठाधीश्वर आचार्य महामंडलेश्वर स्वामी कैलाशनंद गिरी महाराज की सावन के पूरे महीने चलने वाली शिव आराधना निरंतर जारी है। शुक्रवार को उत्तराखण्ड के पूर्व मुख्यमंत्री तीरथ सिंह रावत और यूपी के सिंचाई मंत्री स्वतंत्र देव सिंह श्री दक्षिण काली मंदिर पहुंचे और स्वामी कैलाशानंद गिरी महाराज के सानिध्य में भगवान शिव का रूद्राभिषेक कर देश और प्रदेश की प्रगति और खुशहाली की कामना की। पूर्व मुख्यमंत्री तीरथ सिंह रावत और सिंचाई मंत्री स्वतंत्र देव सिंह को आशीर्वाद देते हुए स्वामी कैलाशानंद गिरी महाराज ने कहा कि भगवान शिव कल्याणकारी देव हैं और सभी भक्तों का कल्याण करते हैं। जो व्यक्ति श्रद्धा भक्ति और विश्वास के साथ भगवान शिव की शरण में आता है। उसका कल्याण निश्चित है। पूर्व मुख्यमंत्री तीरथ सिंह रावत ने कहा कि हरिद्वार भगवान शिव की नगरी है। धर्म और अध्यात्म के प्रचार प्रसार में संत महापुरूषों की अहम भूमिका रही है। धर्म शास्त्रों के प्रकाण्ड विद्वान निंरजन पीठाधीश्वर स्वामी कैलाशानंद गिरी महाराज द्वारा प्रतिवर्ष पूरे सावन की जाने वाली शिव आराधना अद्भूत है। उनकी साधना के फलस्वरूप उत्तराखण्ड तेजी से प्रगति के मार्ग पर अग्रसर होगा। यूपी के सिंचाई मंत्री स्वतंत्र देव सिंह ने कहा कि सिद्ध पीठ श्री दक्षिण काली मंदिर में मां भगवती के दर्शन मात्र से ही अंतःकरण पवित्र हो जाता है। स्वामी कैलाशानंद गिरी महाराज द्वारा पूरे सावन महीने की जाने वाली कठिन शिव साधना सनातन धर्म का अद्भूत स्वरूप प्रस्तुत करती है। इस दौरान राधे पंडित भजन मंडली ने भजन प्रस्तुत किए। इस अवसर पर स्वामी अवंतिकानंद ब्रह्मचारी, लाल बाबा, बालमुकुंदानंद ब्रह्मचारी, आचार्य पवनदत्त मिश्र, चेतन शर्मा, मनोज जखमोला सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालु मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!