
हरिद्वार। आम के सीजन की शुरुआत से पहले केमिकल से आम और अन्य फलों को पकाने से रोकने के लिए खाद्य सुरक्षा विभाग ने अभियान चलाया। मंगलवार की सवेरे ज्वालापुर स्थित मंडी पहुंच कर खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने तमाम दुकानों और आढ़तियों के फलों की जांच की। साथ ही राइपिंग चेंबर का भी निरीक्षण किया। इस दौरान विभाग ने आम और अन्य फलों के आठ सैंपल लेकर जांच के लिए लैब भेजे। अधिकारियों ने कहा कि अगर फलों को खतरनाक केमिकल से पकाए जाने की पुष्टि होती है तो संबंधित दुकानदारों के खिलाफ केस दर्ज कराया जाएगा।
