आजादी के अमृत महोत्सव के तहत घर-घर तिरंगा जन जागरण रैली एवं राष्ट्रीय ध्वज वितरण अभियान…

हरिद्वार / सुमित यशकल्याण।

हरिद्वार। शनिवार को इण्डियन रेडक्रॉस एवं निर्मया योगम रिसर्च फाउन्डेशन के संयुक्त तत्वाधान में डॉ. हरिराम इण्टर कालेज से आजादी के अमृत महोत्सव के तहत घर घर तिरंगा जन जागरण रैली का आयोजन किया गया। जन जागरण रैली को इण्डियन रेडक्रॉस सचिव डॉ. नरेश चौधरी, निर्मया योगम की निदेशक डॉ. उर्मिला पाण्डेय एवं डॉ. हरिराम इण्टर कालेज के प्रधानाचार्य मेजर ए.के. शर्मा ने संयुक्त रूप से हरी झंडी दिखाकर शुभारंभ किया। रैली में एनसीसी कैडेटस, रेडक्रॉस स्वयंसेवक एवं डॉ. हरिराम इण्टर कालेज के छात्र-छात्राओं ने देशभक्ति गीतों की धुनों पर फलैग मार्च करते हुए जनमानस को अपने-अपने घर तिरंगा फहराने के लिये जागरूक किया। चौराहों पर देशभक्ति शीर्षक तथा नुक्कड नाटिकाओं के माध्यम से जागरूकता फैलाना विशेष रूप आम जनमानस में विशेष आकर्षण का केन्द्र बना हुआ था।

इण्डियन रेडक्रॉस सचिव डॉ. नरेश चौधरी ने रैली और जनमानस को सम्बोधित करते हुए कहा कि भारत को आजाद कराने के लिये किन किन चुनौतियों का सामना करना पड़ा और क्या-क्या कुर्बानियां भारत को देनी पड़ी आज की युवा पीढी को जानना जरूरी है जिससे युवा पीढी आजादी के सही महत्व को समझ सके। डॉ. चौधरी ने कहा कि इस अमृत महोत्सव को मनाया जाने का सबसे पहला कारण भारत को अंग्रेजो की गुलामी से जो आजादी मिली तथा देश को स्वतंत्र करने के लिये जिन राष्ट्र सपूतों ने बलिदान दिया एवं कष्ट सहें, उन्हें याद करने का मुख्य उद्देश्य है साथ ही साथ आजादी के 75 वर्ष पूर्ण होने पर अमृत महोत्सव के माध्यम से सभी नागरिकों को स्वतंत्रता एवं लोकतंत्र के सही मायने बताना तथा 75 वर्षों में भारत ने क्या उपलब्धियां प्राप्त की इससे भी आम जनमानस को जागरूक करना विशेष मकसद है।

निर्मया योगम की निदेशक डॉ. उर्मिला पाण्डेय ने भी अमृत महोत्सव के तहत हर घर तिरंगा यात्रा पर विशेष रूप से प्रकाश डालते हुए कहा कि घर-घर तिरंगा फहरायें अपने राष्ट्रीय ध्वज का मान बढायें। रैली कनखल के विभिन्न क्षेत्रों यथा रामकृष्ण मिशन चौराहा, पहाड़ी बाजार, झंडा चौक बाजार, कनखल पुलिस थाना, रामकृष्ण मिशन हॉस्पिटल, शंकराचार्य चौक होते हुए पर वापिस डॉ. हरिराम इण्टर कालेज पर सम्पन्न हुयी। डॉ. हरिराम इण्टर कालेज के प्रधानाचार्य मेजर ए.के. शर्मा ने रैली में प्रतिभाग करने वाले सभी स्वयं सेवियों, छात्र-छात्राओं का धन्यवाद ज्ञापित किया तथा विशेष रूप से इण्डियन रेडक्रॉस सचिव डॉ. नरेश चौधरी का आभार व्यक्त किया कि उनके संयोजन में अमृत महोत्सव का वृहद् स्तर पर जो जनजागरण अभियान साथ ही जगह-जगह राष्ट्रीयध्वजों का वितरण भी किया जा रहा है उसकी विशेष सराहना की जाती है।

रैली में मुख्य रूप से छात्र-छात्राओं, रेडक्रॉस स्वयंसेवियों के साथ-साथ डॉ. प्रमोद कपूर, डॉ. शरीन कुमार, डॉ. राजेश्वरी बहुगुणा, प्रवीण त्यागी, अशोक कुमार, दीपक मिश्रा, सुषमा शर्मा, राजीव कौशिक, नीरज कुमार, शशिभूषण यादव, राजेश ठाकुर, आशीष कुमार, यगराज आदि ने विशेष रूप से सक्रिय सहभागिता की।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!