Home / मुख्य ख़बर / डीएम मयूर दीक्षित ने एआरटीओ कार्यालय का किया औचक निरीक्षण…

डीएम मयूर दीक्षित ने एआरटीओ कार्यालय का किया औचक निरीक्षण…

हरिद्वार। मंगलवार को जिलाधिकारी मयूर दीक्षित ने सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी कार्यालय हरिद्वार का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने कार्यालय की कार्यप्रणाली, आमजन को दी जा रही सुविधाओं तथा प्रवर्तन गतिविधियों की विस्तार से समीक्षा की और अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
जिलाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि कार्यालय में आने वाले नागरिकों के कार्यों का प्राथमिकता के आधार पर समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित किया जाए, जिससे आमजन को अनावश्यक प्रतीक्षा या किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े। उन्होंने कहा कि कार्यालय की कार्यप्रणाली पारदर्शी और जनहितकारी होनी चाहिए।
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने ड्राइविंग लाइसेंस जारी करने की प्रक्रिया की भी समीक्षा की। उन्होंने निर्देश दिए कि ड्राइविंग लाइसेंस निर्धारित नियमों के अनुसार और उचित ड्राइविंग परीक्षण के आधार पर ही जारी किए जाएं, ताकि पूरी प्रक्रिया पारदर्शी एवं निष्पक्ष बनी रहे।
इसके अतिरिक्त जिलाधिकारी ने एआरटीओ कार्यालय परिसर के बाहर संचालित दुकानों और ढाबों के संबंध में भी सख्त रुख अपनाते हुए कार्रवाई के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि परिसर के आसपास किसी भी अनाधिकृत व्यक्ति को बैठने की अनुमति न दी जाए तथा अनावश्यक भीड़भाड़ को समाप्त किया जाए।
जिलाधिकारी ने कार्यालय परिसर में नियमित साफ-सफाई बनाए रखने और स्वच्छता पर विशेष ध्यान देने के भी निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सरकारी कार्यालयों में स्वच्छ वातावरण बनाए रखना सभी अधिकारियों और कर्मचारियों की नैतिक जिम्मेदारी है।
प्रवर्तन कार्यों की समीक्षा करते हुए जिलाधिकारी ने कहा कि प्रवर्तन अभियानों को और अधिक प्रभावी बनाया जाए तथा यातायात नियमों के पालन को सुनिश्चित करने के लिए रात्रिकालीन चेकिंग अभियान भी नियमित रूप से चलाए जाएं।
निरीक्षण के दौरान एआरटीओ (प्रशासन) निखिल शर्मा, एआरटीओ (प्रवर्तन) नेहा झा सहित विभागीय अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!