Home / मुख्य ख़बर / चारधाम यात्रा: ऋषिकुल पंजीकरण केंद्र की व्यवस्थाओं से श्रद्धालु संतुष्ट, गुरुवार को 2993 यात्रियों ने कराया पंजीकरण…

चारधाम यात्रा: ऋषिकुल पंजीकरण केंद्र की व्यवस्थाओं से श्रद्धालु संतुष्ट, गुरुवार को 2993 यात्रियों ने कराया पंजीकरण…

हरिद्वार। चारधाम यात्रा के लिए हरिद्वार के ऋषिकुल मैदान स्थित यात्री पंजीकरण केंद्र पर श्रद्धालुओं की आवाजाही लगातार बनी हुई है। गुरुवार को विभिन्न राज्यों से आए 2993 यात्रियों ने चारधाम यात्रा के लिए अपना पंजीकरण कराया। पंजीकरण केंद्र पर उपलब्ध सुविधाओं और प्रशासनिक व्यवस्थाओं की यात्रियों ने सराहना की।
बुलेटिन के अनुसार, यमुनोत्री धाम के लिए 613, गंगोत्री धाम के लिए 627, केदारनाथ धाम के लिए 869, बद्रीनाथ धाम के लिए 858 तथा हेमकुंड साहिब के लिए 26 यात्रियों ने पंजीकरण कराया। इस प्रकार कुल 2993 श्रद्धालुओं ने यात्रा के लिए रजिस्ट्रेशन कराया।
ऋषिकुल मैदान में बनाए गए पंजीकरण केंद्र पर यात्रियों के लिए प्रतीक्षा स्थल, पेयजल, शौचालय, बैठने की व्यवस्था, सहायता काउंटर, चिकित्सा सुविधा और सूचना केंद्र जैसी आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराई गई हैं। दूर-दराज के राज्यों से पहुंचे श्रद्धालुओं ने पंजीकरण प्रक्रिया को सरल और व्यवस्थित बताते हुए प्रशासन के प्रयासों की प्रशंसा की।
यात्रियों का कहना है कि पंजीकरण केंद्र पर कर्मचारियों द्वारा सहयोगात्मक व्यवहार किया जा रहा है, जिससे रजिस्ट्रेशन प्रक्रिया आसानी से पूरी हो रही है। केंद्र पर भीड़ के बावजूद व्यवस्थाएं सुचारू रूप से संचालित की जा रही हैं।
प्रशासन के अनुसार, ऋषिकुल मैदान यात्री पंजीकरण केंद्र से अब तक कुल 04 लाख 37 हजार 930 श्रद्धालु चारधाम यात्रा के लिए अपना पंजीकरण करा चुके हैं। लगातार बढ़ रही संख्या चारधाम यात्रा के प्रति श्रद्धालुओं की आस्था और उत्साह को दर्शाती है।
जिला प्रशासन और पर्यटन विभाग द्वारा यात्रियों की सुविधा एवं सुरक्षित यात्रा सुनिश्चित करने के लिए लगातार निगरानी रखी जा रही है, जिससे श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!