
हरिद्वार। कनखल स्थित आश्रम में रविवार को सर्व ब्राह्मण महासभा (पं) की राष्ट्रीय कार्यकारिणी की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में ब्राह्मण समाज के उत्थान, संगठन विस्तार और सांस्कृतिक संरक्षण जैसे अहम मुद्दों पर विस्तृत मंथन किया गया। इस दौरान ब्राह्मण कल्याण बोर्ड के गठन की मांग को समय की आवश्यकता बताया गया।
बैठक की अध्यक्षता करते हुए राष्ट्रीय अध्यक्ष जे.पी. शर्मा ने कहा कि अब समय आ गया है कि देशभर के ब्राह्मण एक मंच पर एकत्रित होकर अपने समाज के सशक्तिकरण के लिए संगठित प्रयास करें। उन्होंने बताया कि महासभा आठ राज्यों में सक्रिय रूप से कार्य कर रही है और ब्राह्मणों के एकीकरण का अभियान निरंतर जारी है। साथ ही संगठन के आगामी कार्यक्रमों की रूपरेखा भी प्रस्तुत की गई।
मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित श्री गंगा सभा के महामंत्री पंडित तन्मय वशिष्ठ ने कहा कि ब्राह्मण होना ईश्वर की कृपा है, लेकिन इसके साथ जिम्मेदारियां भी जुड़ी हैं। उन्होंने कहा कि केवल आयोजनों से नहीं, बल्कि जमीनी स्तर पर कार्य करने से ही समाज का वास्तविक उत्थान संभव है। उन्होंने नकारात्मक प्रचार से दूर रहने की भी अपील की।
राष्ट्रीय महामंत्री उषा शर्मा ने महिला सशक्तिकरण पर जोर देते हुए कहा कि ब्राह्मण समाज का उत्थान तब तक अधूरा है जब तक महिलाओं की भागीदारी मजबूत नहीं होगी। उन्होंने बताया कि महासभा जल्द ही महिला शक्ति को संगठित करने के लिए विशेष कार्यक्रम आयोजित करेगी।
पहाड़ी महासभा के संरक्षक हरि बल्लभ जोशी ने कहा कि वर्तमान समय में ब्राह्मण समाज को संगठित होने की आवश्यकता है, ताकि सामाजिक और कानूनी चुनौतियों का मजबूती से सामना किया जा सके।
प्रदेश अध्यक्ष डॉ. हिमांशु पंडित ने धन्यवाद ज्ञापन करते हुए कहा कि ब्राह्मण समाज अपनी मूल परंपराओं से दूर होता जा रहा है। उन्होंने जनेऊ, तिलक और शिखा जैसी परंपराओं को अपनाने और अपने गौरवशाली इतिहास पर गर्व करने की आवश्यकता बताई।
बैठक के दौरान उत्तराखंड प्रांत के लिए कई पदाधिकारियों की घोषणा भी की गई। इसमें तुषार कौशिक को राष्ट्रीय महामंत्री, डॉ. हिमांशु पंडित को प्रदेश अध्यक्ष, विवेक कौशिक को प्रदेश महासचिव, कुशाग्र गोस्वामी को प्रदेश सचिव और मयंक शर्मा को प्रदेश कोषाध्यक्ष नियुक्त किया गया।
कार्यक्रम का संचालन राष्ट्रीय महामंत्री डॉ. संदीप शर्मा ने किया।
इस अवसर पर मनोज त्यागी, अरविंद शर्मा, दीपक मिश्रा, वासुदेव, विकास कौशिक, डॉ. रत्नेश शुक्ला, डॉ. मिथिलेश पांडे, आभास शर्मा, डॉ. प्रशांत शर्मा, अमित शर्मा, आशुतोष कौशिक, गीता शर्मा, भूपेश त्यागी, शालिनी शर्मा, आनंद कुमार, मिलिंद, राहुल त्रिपाठी, रोहित शर्मा, कन्हैया खेवड़िया, मोहित शर्मा, पूनम शुक्ला (राष्ट्रीय सचिव), प्रदीप शर्मा, गौरव भट्ट, निशांत कौशिक, डॉ. शोभा रतूड़ी, राहुल शर्मा, भूपेंद्र कौशिक, अनुज शर्मा, सनी दीक्षित, कृष्ण शर्मा, सविता दीक्षित, दिनेश दीक्षित, उषा शर्मा, रीटा शर्मा, दीपक शर्मा, अजय शर्मा, रमेश, अतुल बिजोलिया, ज्ञान प्रकाश उपाध्याय, महेंद्र श्याम शर्मा, राजेश कुमार शर्मा, गौतम सुशील शर्मा, लव गौतम, आलोक कुमार गौतम, संतोष शर्मा, के.के. गौतम, किशोर तिवारी, रामेश्वर दयाल शर्मा, पंकज शर्मा, सुशील कुमार शर्मा सहित बड़ी संख्या में ब्राह्मण समाज के लोग उपस्थित रहे।
