Home / राजनीति / सिडकुल में स्थानीय युवाओं को 80% रोजगार की मांग, शिवा चौहान ने दी आंदोलन की चेतावनी…

सिडकुल में स्थानीय युवाओं को 80% रोजगार की मांग, शिवा चौहान ने दी आंदोलन की चेतावनी…

हरिद्वार। हरिद्वार में न केवल रोशनाबाद और रुड़की में सिडकुल (SIDCUL) का विस्तार किया गया, बल्कि इसे आगे बढ़ाते हुए हरिद्वार ग्रामीण विधानसभा क्षेत्र में भी कई औद्योगिक इकाइयां लगाई गई हैं। लेकिन बावजूद इसके, क्षेत्र के युवाओं को इन उद्योगों में रोजगार नहीं मिल पा रहा है। इस गंभीर समस्या को लेकर हरिद्वार ग्रामीण विधानसभा के धारीवाला गांव के लोगों ने भाजपा किसान मोर्चा के ज़िला मंत्री शिवा चौहान से मुलाकात कर अपनी समस्याएं साझा कीं।
जिस पर शिवा चौहान ने ग्रामीणों को भरोसा दिलाया कि वे जल्द ही इस संबंध में ज़िलाधिकारी से मुलाकात करेंगे। यदि इसके बाद भी ग्रामीण युवाओं को सिडकुल में 80% आरक्षण नहीं मिलता है, तो वे इस विषय पर मुख्यमंत्री से भी मिलेंगे।
रविवार को भाजपा किसान मोर्चा के ज़िला मंत्री शिवा चौहान जनता की समस्याएं सुनने के लिए धारीवाला गांव पहुंचे। जहाँ गांव के युवाओं ने उनसे शिकायत की कि क्षेत्र में लगी फैक्ट्रियों में स्थानीय युवाओं के स्थान पर बाहरी लोगों को नौकरियां दी जा रही हैं, जबकि स्थानीय युवा आज भी रोजगार के लिए भटकने या दूर-दराज़ के शहरों में जाने को विवश हैं। ग्रामीणों और युवाओं की बातें सुनने के बाद भाजपा किसान मोर्चा के ज़िला मंत्री शिवा चौहान ने स्थानीय लोगों को पूर्ण समर्थन का आश्वासन दिया। मीडिया से बातचीत करते हुए शिवा चौहान ने कहा कि गांव वालों ने अपनी ज़मीनें उद्योगों के लिए दी हैं, लेकिन जब रोजगार देने की बात आती है तो इन्हीं युवाओं को नज़रअंदाज़ कर दिया जाता है। उन्होंने सवाल उठाया कि शिक्षित स्थानीय युवा मजबूरी में बाहर जाकर कम वेतन पर नौकरी करने को विवश हैं, जबकि उनके अपने क्षेत्र की कंपनियों में बाहरी लोगों को प्राथमिकता दी जा रही है। उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि स्थानीय युवाओं के हक के लिए लड़ाई शुरू कर दी गई है और सरकार से मांग की गई है कि सिडकुल व स्थानीय फैक्ट्रियों में कम से कम 80% नौकरियां स्थानीय युवाओं को दी जाएं। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि वे स्थानीय कंपनियों के बाहर धरना देंगे और जब तक युवाओं को उनका हक और नौकरियों में प्राथमिकता नहीं मिलती, तब तक यह आंदोलन जारी रहेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!