Home / मुख्य ख़बर / चारधाम यात्रा के लिए हरिद्वार में उमड़ा श्रद्धालुओं का सैलाब, शनिवार को 4093 यात्रियों ने कराया पंजीकरण…

चारधाम यात्रा के लिए हरिद्वार में उमड़ा श्रद्धालुओं का सैलाब, शनिवार को 4093 यात्रियों ने कराया पंजीकरण…

हरिद्वार। चारधाम यात्रा को लेकर श्रद्धालुओं में लगातार उत्साह देखने को मिल रहा है। हरिद्वार स्थित ऋषिकुल मैदान में बनाए गए यात्री पंजीकरण केंद्र पर शनिवार को विभिन्न राज्यों से पहुंचे कुल 4093 श्रद्धालुओं ने चारधाम यात्रा के लिए अपना पंजीकरण कराया।
जारी यात्री पंजीकरण बुलेटिन के अनुसार, सबसे अधिक 1312 यात्रियों ने केदारनाथ धाम जाने के लिए पंजीकरण कराया। वहीं बद्रीनाथ धाम के लिए 1278, यमुनोत्री धाम के लिए 752 तथा गंगोत्री धाम के लिए 751 श्रद्धालुओं ने अपना रजिस्ट्रेशन कराया। हेमकुंड साहिब के लिए शनिवार को कोई पंजीकरण नहीं हुआ।
चारधाम यात्रा को सुव्यवस्थित और सुरक्षित ढंग से संचालित करने के लिए प्रशासन की ओर से ऋषिकुल मैदान में व्यापक व्यवस्थाएं की गई हैं। यात्रियों की सुविधा के लिए पंजीकरण, स्वास्थ्य परीक्षण, पेयजल, शौचालय और सुरक्षा व्यवस्थाओं को लगातार मजबूत किया जा रहा है।
प्रशासन द्वारा जारी आंकड़ों के अनुसार, ऋषिकुल मैदान यात्री पंजीकरण केंद्र से अब तक कुल 02 लाख 62 हजार 609 यात्री चारधाम यात्रा के लिए अपना पंजीकरण करा चुके हैं। श्रद्धालुओं की लगातार बढ़ती संख्या को देखते हुए यात्रा व्यवस्थाओं को और अधिक सुदृढ़ किया जा रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!