
हरिद्वार। चारधाम यात्रा को लेकर श्रद्धालुओं का उत्साह लगातार बढ़ता जा रहा है। हरिद्वार स्थित ऋषिकुल मैदान में बनाए गए यात्री पंजीकरण केंद्र पर शुक्रवार को बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने पहुंचकर यात्रा के लिए अपना पंजीकरण कराया।
जारी यात्री पंजीकरण बुलेटिन के अनुसार, आज कुल 8137 यात्रियों ने चारधाम यात्रा के लिए पंजीकरण कराया। इनमें सबसे अधिक पंजीकरण बद्रीनाथ और केदारनाथ धाम के लिए हुए।
आंकड़ों के अनुसार यमुनोत्री धाम के लिए 1685, गंगोत्री धाम के लिए 1732, केदारनाथ धाम के लिए 2405 तथा बद्रीनाथ धाम के लिए 2315 श्रद्धालुओं ने पंजीकरण कराया। जबकि हेमकुंड साहिब यात्रा के लिए शनिवार को भी कोई पंजीकरण नहीं हुआ।
चारधाम यात्रा के प्रति बढ़ते उत्साह का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि ऋषिकुल मैदान स्थित पंजीकरण केंद्र से अब तक कुल 91 हजार 537 श्रद्धालु यात्रा के लिए अपना पंजीकरण करा चुके हैं।
प्रशासन द्वारा यात्रियों की सुविधा के लिए पंजीकरण केंद्र पर आवश्यक व्यवस्थाएं की गई हैं। श्रद्धालुओं को सुचारु रूप से पंजीकरण प्रक्रिया उपलब्ध कराने के लिए कर्मचारियों की तैनाती के साथ सहायता काउंटर भी संचालित किए जा रहे हैं।
