Home / मुख्य ख़बर / चारधाम यात्रा पंजीकरण जारी, बुधवार को 17,839 श्रद्धालुओं ने कराया रजिस्ट्रेशन…

चारधाम यात्रा पंजीकरण जारी, बुधवार को 17,839 श्रद्धालुओं ने कराया रजिस्ट्रेशन…

हरिद्वार। चारधाम यात्रा को लेकर श्रद्धालुओं में भारी उत्साह बना हुआ है। हरिद्वार स्थित ऋषिकुल मैदान में बनाए गए यात्री पंजीकरण केंद्र पर बुधवार को भी बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचे और यात्रा के लिए अपना पंजीकरण कराया। श्रद्धालुओं की सुविधा को देखते हुए प्रशासन द्वारा पंजीकरण केंद्र पर अलग-अलग काउंटर, हेल्प डेस्क, पेयजल व्यवस्था, शौचालय, चिकित्सा सुविधा, बैठने की व्यवस्था, सुरक्षा व्यवस्था तथा यातायात प्रबंधन के विशेष इंतजाम किए गए हैं, जिससे यात्रियों को काफी राहत मिल रही है।
जारी पंजीकरण बुलेटिन के अनुसार आज कुल 17,839 यात्रियों ने चारधाम यात्रा के लिए रजिस्ट्रेशन कराया। इनमें यमुनोत्री धाम के लिए 3,960, गंगोत्री धाम के लिए 3,974, केदारनाथ धाम के लिए 4,935, बद्रीनाथ धाम के लिए 4,953 तथा हेमकुंड साहिब के लिए 17 यात्रियों ने पंजीकरण कराया। विभिन्न राज्यों से पहुंचे श्रद्धालुओं ने प्रशासन की व्यवस्थाओं की सराहना करते हुए कहा कि पंजीकरण प्रक्रिया सुव्यवस्थित और सरल बनाई गई है तथा केंद्र पर कर्मचारियों द्वारा सहयोग भी किया जा रहा है। प्रशासन का कहना है कि यात्रियों की सुविधा और सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए सभी व्यवस्थाओं की लगातार निगरानी की जा रही है। ऋषिकुल मैदान यात्री पंजीकरण केंद्र से अब तक कुल 02 लाख 28 हजार 149 यात्रियों का चारधाम यात्रा के लिए पंजीकरण किया जा चुका है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!