
दिल्ली। अखिल भारतीय सीनियर सिटीजन वेलफेयर सोसाइटी (रजि.) द्वारा आयोजित राष्ट्रीय सम्मेलन में “विजन 2030” को लेकर व्यापक चर्चा की गई। सम्मेलन में देशभर से 100 से अधिक वरिष्ठ प्रतिनिधियों ने हिस्सा लिया। कार्यक्रम में दिल्ली सरकार के समाज कल्याण मंत्री श्री रविंदर इंद्रराज मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे।
सम्मेलन में वरिष्ठ नागरिकों और युवाओं के बीच सामाजिक समन्वय मजबूत करने पर जोर दिया गया। वक्ताओं ने कहा कि बुजुर्गों के अनुभव युवाओं के लिए मार्गदर्शक साबित हो सकते हैं, जबकि युवा तकनीकी जानकारियों से वरिष्ठ नागरिकों को जागरूक कर सकते हैं। इसी उद्देश्य से डिजिटल मंच तैयार कर युवाओं को डिजिटल सदस्य के रूप में जोड़ने तथा स्कूलों और कॉलेजों में संवाद कार्यक्रम आयोजित करने पर सहमति बनी।
मुख्य अतिथि रविंदर इंद्रराज ने कहा कि वृद्धाश्रम हमारी संस्कृति का हिस्सा नहीं रहे हैं। उन्होंने कहा कि आधुनिकता और बदलाव अच्छे हैं, लेकिन संस्कारों से विमुख होकर होने वाला बदलाव समाज और चरित्र दोनों के लिए नुकसानदायक है। उन्होंने संस्था के प्रयासों की सराहना करते हुए वरिष्ठ नागरिकों से सक्रिय और ऊर्जावान बने रहने का आह्वान किया।
संस्था के संस्थापक एवं राष्ट्रीय अध्यक्ष केएल अरोड़ा ने कहा कि संस्था पिछले 17 वर्षों से उत्तर प्रदेश और उत्तराखंड में वरिष्ठ नागरिकों के हितों के लिए कार्य कर रही है। राष्ट्रीय स्तर पर पंजीकरण मिलने के बाद संस्था ने विजन 2030 के तहत सात प्रमुख एजेंडों पर कार्य करने की रूपरेखा तैयार की है।
सीनियर वाइस प्रेसिडेंट भारत भूषण इलाहाबादी ने कहा कि संस्था युवाओं और वरिष्ठ नागरिकों के बीच एक सेतु का कार्य करेगी। उन्होंने कहा कि साइबर मंच के माध्यम से जानकारियों का आदान-प्रदान किया जाएगा और साइबर फ्रॉड जैसी समस्याओं से बचाव के लिए युवा वरिष्ठ नागरिकों को तकनीकी जानकारी देंगे। उन्होंने युवाओं से अपनी ऊर्जा और ज्ञान को देशहित में सकारात्मक दिशा देने की अपील की।
हरिद्वार से नेशनल वाइस प्रेसिडेंट जगदीश लाल पाहवा ने कहा कि वरिष्ठ नागरिकों के अनुभवों का लाभ युवाओं तक पहुंचाने के लिए समय-समय पर कार्यशालाओं का आयोजन किया जाना चाहिए। उन्होंने “मेरे बुजुर्ग मेरे तीर्थ” योजना के तहत वरिष्ठ नागरिकों के लिए नि:शुल्क तीर्थ यात्राएं आयोजित करने की मांग भी उठाई।
राष्ट्रीय सम्मेलन में हास्य कवि अनिल अग्रवंशी और विनीत पांडे ने अपनी प्रस्तुतियों से माहौल को खुशनुमा बनाया। कार्यक्रम में राष्ट्रीय महासचिव संदीप गुप्ता, राष्ट्रीय कोषाध्यक्ष अतुल चुग, के.के. ओबरॉय, ठाकुर सूर्यकांत सिंह, राजेंद्र शर्मा, शिव कुमार गौड़, यशपाल मलिक, आर.के. जैन, अजय अत्री, अरुण सूरी, एस.पी. गुप्ता, आर.के. अग्रवाल, महेंद्र खन्ना, सुरेश अरोड़ा, अशोक गाबा, प्रमोद शर्मा, बी.पी. गुप्ता और दिवाकर गुप्ता सहित विभिन्न राज्यों और इकाइयों से जुड़े प्रतिनिधि मौजूद रहे।
