
हरिद्वार / लक्सर। कांवड़ मेला-2026 के दौरान श्रद्धालुओं को सुरक्षित एवं गुणवत्तापूर्ण खाद्य सामग्री उपलब्ध कराने के उद्देश्य से खाद्य संरक्षा एवं औषधि प्रशासन हरिद्वार ने बड़ी कार्रवाई करते हुए लक्सर क्षेत्र से लगभग दो कुंतल एक्सपायरी खाद्य पदार्थ जब्त किए। विभाग ने मौके पर ही सभी खाद्य सामग्री को नष्ट कराने के साथ संबंधित खाद्य कारोबारी का फूड लाइसेंस तत्काल प्रभाव से निरस्त कर दिया है। साथ ही उसके खिलाफ न्यायालय में वाद दायर करने की संस्तुति भी की गई है।
खाद्य सुरक्षा आयुक्त उत्तराखंड विनय शंकर पाण्डेय एवं जिलाधिकारी हरिद्वार मयूर दीक्षित के निर्देश पर जनपदभर में विशेष निरीक्षण अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में सहायक आयुक्त एवं अभिहित अधिकारी महिमानन्द जोशी के निर्देश पर वरिष्ठ खाद्य सुरक्षा अधिकारी दिलीप जैन के नेतृत्व में विभागीय टीम ने गुप्त सूचना के आधार पर कोतवाली लक्सर तिराहा, बसेड़ी के पास स्थित एक प्रतिष्ठान पर छापेमारी की।
छापेमारी के दौरान नूडल्स, सॉस, खाद्य तेल, स्नैक्स, पैक्ड पानी, कोल्ड ड्रिंक्स, बेसन, चायपत्ती, सोयाबड़ी समेत लगभग दो कुंतल एक्सपायरी खाद्य पदार्थ बरामद किए गए। सोयाबड़ी का एक नमूना प्रयोगशाला जांच के लिए लिया गया। नगर पालिका परिषद लक्सर के सहयोग से सभी एक्सपायरी खाद्य पदार्थों को सिमली स्थित डंपिंग ग्राउंड में गड्ढा खोदकर नष्ट कराया गया।
विभाग ने संबंधित खाद्य कारोबारी का फूड लाइसेंस तत्काल प्रभाव से निरस्त कर दिया है तथा एक्सपायरी खाद्य पदार्थों के संग्रहण और विक्रय के मामले में न्यायालय में वाद दायर करने की प्रक्रिया शुरू कर दी है।
उधर, वरिष्ठ खाद्य सुरक्षा अधिकारी कैलाश टम्टा की टीम ने सचल खाद्य विश्लेषणशाला के साथ रानीपुर मोड़ से ज्वालापुर तक विभिन्न खाद्य प्रतिष्ठानों का निरीक्षण किया। इस दौरान 74 खाद्य नमूनों की मौके पर जांच की गई, जिनमें 9 नमूने अधोमानक पाए गए। सभी अधोमानक खाद्य पदार्थों को संबंधित कारोबारियों द्वारा मौके पर ही नष्ट कराया गया। इसके अलावा तीन खाद्य कारोबारियों को खाद्य लाइसेंस उचित स्थान पर प्रदर्शित नहीं करने और मानकों का पालन नहीं करने पर नोटिस जारी किए गए।
निरीक्षण के दौरान विभाग ने सभी खाद्य कारोबारियों को बासी भोजन का विक्रय नहीं करने, खाद्य पदार्थों को ढककर रखने, फूड लाइसेंस, फूड सेफ्टी डिस्प्ले बोर्ड और रेट लिस्ट अनिवार्य रूप से प्रदर्शित करने के निर्देश दिए।
सहायक आयुक्त एवं अभिहित अधिकारी महिमानन्द जोशी ने बताया कि कांवड़ मेला-2026 के दौरान पूरे जनपद में विशेष निरीक्षण अभियान लगातार जारी रहेगा। एक्सपायरी और अधोमानक खाद्य पदार्थों के संग्रहण एवं बिक्री करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी, ताकि श्रद्धालुओं को सुरक्षित और गुणवत्तापूर्ण खाद्य सामग्री उपलब्ध कराई जा सके।










