लालढांग में भालू की चहलकदमी कैमरे में कैद, सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल…

हरिद्वार। अभी तक उत्तराखंड के पहाड़ी क्षेत्रों में भालू की दहशत बनी हुई है लेकिन अब प्लेन क्षेत्र में भी भालू की दस्तक से लोगों में दहशत फैल गई है। हरिद्वार के लालढांग क्षेत्र के पीली पड़ाव गांव में पिछले कई दिनों से भालू की मूवमेंट दिखाई दे रही हैं। रोजाना आबादी क्षेत्र में ही भालू दस्तक दे रहा हैं। हालांकि भालू ने किसी ग्रामीण पर हमला तो नहीं किया लेकिन भालू की चहलकदमी को ग्रामीणों ने अपने मोबाइल के कैमरे में कैद कर लिया, जिसका वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वहीं वन विभाग द्वारा भालू को आबादी में घुसने से रोकने के लिए आवश्यक कार्रवाई की जा रही है।
दरअसल लालढांग क्षेत्र जंगल से सटा हुआ है। लालढांग क्षेत्र के पीली पड़ाव गांव के पास ही जंगल में कालेराम नाम के किसान ने खेत में कालेराम ने मधुमक्खियां पाल रखी हैं और भालू को मधुमक्खियों का शहद बेहद पसंद है। माना जा रहा है कि भालू मधुमक्खियों और शहद की तलाश में खेत में आ रहा हैं। ग्रामीण सुरेन्द्र सिंह ने बताया पिछले एक माह से आबादी क्षेत्र में भालू दिन में भी आ जाता है और पूरे गांव में भालू घूमता है। यहां तक की भालू घरों तक में घुस जाता हैं। जिससे ग्रामीणों में भय का माहौल बना हुआ है। वहीं ग्राम प्रधान शशिपाल सिंह झंडवाल ने बताया कि गांव में जंगली जानवरों की आबादी क्षेत्र ने रुकने का नाम नहीं ले रही। पहले गुलदार व हाथी की आवाजाही से परेशान थे लेकिन पिछले एक माह से भालू ने भी गांव ने दस्तक दे दी। जिससे गांव के ग्रामीणों में दहशत बनी हुई है। उन्होंने आरोप लगाया कि वन विभाग जंगली जानवरों को आबादी में घुसने से रोक पाने में नाकाम साबित हो रहा है। उन्होंने मांग की है कि गुलदार और हाथियों को रोकने के साथ ही भालू को भी आबादी में घुसने से रोका जाए। इन जानवरों से जान का खतरा तो है ही, बल्कि ग्रामीण अपने खेतों में भी नहीं जा पा रहे हैं। उन्होंने जंगली जानवरों की समस्या के स्थाई समाधान की मांग की है।
श्यामपुर रेंज के रेंज अधिकारी विनय राठी ने बताया कि गांव के खेत में एक किसान ने मधुमक्खियों की पेटी रखी हैं। जिससे भालू पेटी में रखी मधुमक्खियों की वजह से आ रहा हैं। किसान को मधुमक्खियों की पेटियों को हटाने के लिए कहा गया है ताकि भालू को गांव में आने से रोका जा सके। उन्होंने बताया कि गांव में वनकर्मियों की गश्त को बढ़ाया गया है, जल्द ही समस्या का समाधान किया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!