Home / मुख्य ख़बर / बचपन के दोस्तों ने एक साथ काटा रेस्टोरेंट का फीता…

बचपन के दोस्तों ने एक साथ काटा रेस्टोरेंट का फीता…

हरिद्वार। धर्मनगरी हरिद्वार में एक रेस्टोरेंट का शुभारंभ उस समय यादगार बन गया, जब किसी राजनेता या विशिष्ट अतिथि के बजाय बचपन के 35 दोस्तों ने एक साथ फीता काटकर उद्घाटन किया। चंद्राचार्य चौक स्थित होटल हेरिटेज में रानीपुर मोड़ पर शुरू हुए ‘अरोड़ा का रसोड़ा’ (दोस्ती का अड्डा) के उद्घाटन समारोह में डॉ. हरिराम आर्य इंटर कॉलेज के पूर्व छात्र करीब 30 से 35 साल बाद एक साथ जुटे। वर्षों बाद मिले इन दोस्तों ने पुराने दिनों की यादें साझा कीं और एक-दूसरे के साथ खुशियों के पल बिताए। इस अनूठे आयोजन ने समारोह में मौजूद लोगों का ध्यान आकर्षित किया।
कार्यक्रम की खास बात यह रही कि यहां कोई मुख्य अतिथि नहीं बनाया गया। रेस्टोरेंट के संचालक संदीप अरोड़ा ने कहा कि उनके सभी दोस्त ही उनके लिए मुख्य अतिथि हैं और उन्हीं के लिए इस स्थान को ‘दोस्ती का अड्डा’ बनाया गया है। इसी भावना के साथ 35 दोस्तों ने एक साथ फीता काटकर रेस्टोरेंट का शुभारंभ किया। समारोह में औपचारिक भाषणों के बजाय बचपन की यादें, स्कूल के किस्से और पुराने मित्रों के साथ बिताए पलों की चर्चा होती रही।
इस अवसर पर सामाजिक सरोकारों से जुड़े सक्षम के प्रांत अध्यक्ष ललित पंत, उत्तर क्षेत्र संगठन मंत्री देवेंद्र जी, जिला महिला प्रमुख सीमा चौहान, जिला सह सचिव आरती मेहता, योगेश चौधरी, जिला संरक्षक विनोद कुमार शर्मा, शशि लता और प्रांत युवा प्रमुख कमल पंत सहित अन्य लोग मौजूद रहे।
कार्यक्रम में देवभूमि बधिर एसोसिएशन के रजत कुमार, सरदार मोंटू, राजकुमार, अभय सिंह, देव शर्मा, मनोज त्रिपाठी, विध्यांशु खुल्लर, शैलेश मिश्रा, अविनाश यादव, ओम बंसल और धर्मेंद्र यादव सहित मूक-बधिर साथियों ने भी शिरकत की। उन्होंने इशारों के माध्यम से अपने मित्र संदीप अरोड़ा को शुभकामनाएं दीं। उनकी मौजूदगी ने कार्यक्रम में मित्रता, समानता और आपसी जुड़ाव का विशेष संदेश दिया। इन साथियों के लिए भी ‘अरोड़ा का रसोड़ा’ दोस्ती और मेल-मिलाप का एक खास ठिकाना रहेगा।
सोनिया अरोड़ा ने बताया कि इस पहल की शुरुआत वर्ष 2020 में कोरोना काल के दौरान हुई थी। उस समय उनके बेटे चिंतन ने घर की रसोई से क्लाउड किचन शुरू किया था, जिसे लोगों का भरपूर प्यार और अच्छा प्रतिसाद मिला। बाद में चिंतन के कानून की पढ़ाई के लिए कोलकाता चले जाने के कारण क्लाउड किचन का संचालन बंद हो गया। अब उसी पुराने प्रयास को नए स्वरूप में शुरू करते हुए ‘अरोड़ा का रसोड़ा’ बनाया गया है, जिसका उद्देश्य केवल लोगों को भोजन उपलब्ध कराना नहीं, बल्कि उन्हें एक ऐसा स्थान देना है जहां दोस्ती, अपनापन और रिश्तों को समय दिया जा सके।
उन्होंने बताया कि रेस्टोरेंट में किफायती दरों पर भोजन उपलब्ध कराने के साथ चाय पर दोस्तों की महफिल, महिलाओं की किट्टी पार्टी, पत्रकारों की बैठक और चर्चाएं, राजनीतिक विचार-विमर्श, बच्चों के जन्मदिन सहित विभिन्न छोटे-बड़े आयोजन किए जा सकेंगे। इसके साथ ही हरिद्वार आने वाले यात्रियों को घर जैसा भोजन और आरामदायक माहौल उपलब्ध कराने का भी प्रयास रहेगा।
उद्घाटन समारोह में अमित पाण्डेय, अमित अरोड़ा, विपुल त्रिखा सहित डॉ. हरिराम आर्य इंटर कॉलेज के पूर्व छात्र सत्य प्रकाश, सत्यदेव राठी, पवन अरोड़ा, सुमित यशकल्याण, राजकुमार, जितेंद्र वीर सैनी, रतनपाल सिंह, अनिल अरोड़ा, राजकुमार शर्मा, भारत भूषण, सुधीर शर्मा, संदीप शर्मा, प्रदीप चौहान, हरीश चौहान, सुनील अरोड़ा, दिनेश शर्मा, अजय शर्मा, मनोज कंडवाल, हैप्पी लालवानी, प्रदीप त्यागी और डॉ. मुकेश शर्मा मौजूद रहे। सभी ने संदीप अरोड़ा की इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि वर्षों पुराने मित्रों को एक साथ जोड़ने वाला यह आयोजन बेहद शानदार और यादगार रहा। उन्होंने भविष्य में भी इस तरह के आयोजनों की कामना की।
हरिद्वार में रेस्टोरेंट और खानपान के कई विकल्प हैं, लेकिन बचपन के 35 दोस्तों द्वारा एक साथ फीता काटकर शुरू किया गया ‘अरोड़ा का रसोड़ा’ अपनी अनूठी अवधारणा के कारण चर्चा का विषय बना हुआ है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!