Home / मुख्य ख़बर / चारधाम यात्रा के लिए मंगलवार को 10,933 श्रद्धालुओं ने कराया पंजीकरण…

चारधाम यात्रा के लिए मंगलवार को 10,933 श्रद्धालुओं ने कराया पंजीकरण…

हरिद्वार। चारधाम यात्रा के प्रति श्रद्धालुओं का उत्साह लगातार बढ़ता जा रहा है। हरिद्वार के ऋषिकुल मैदान स्थित यात्री पंजीकरण केंद्र में मंगलवार को विभिन्न राज्यों से पहुंचे 10,933 श्रद्धालुओं ने चारधाम एवं हेमकुंड साहिब यात्रा के लिए अपना पंजीकरण कराया।
पंजीकरण आंकड़ों के अनुसार यमुनोत्री धाम के लिए 2,348, गंगोत्री धाम के लिए 2,489, केदारनाथ धाम के लिए 2,908, बद्रीनाथ धाम के लिए 3,116 तथा हेमकुंड साहिब के लिए 72 श्रद्धालुओं ने पंजीकरण कराया। इस प्रकार मंगलवार को कुल 10,933 यात्रियों ने यात्रा के लिए अपना रजिस्ट्रेशन कराया।
जिला प्रशासन द्वारा ऋषिकुल मैदान में स्थापित पंजीकरण केंद्र पर यात्रियों की सुविधा के लिए व्यापक इंतजाम किए गए हैं। केंद्र पर पंजीकरण काउंटरों के साथ-साथ प्रतीक्षा क्षेत्र, पेयजल, शौचालय, चिकित्सा सहायता, हेल्प डेस्क, सुरक्षा व्यवस्था तथा यात्रियों को यात्रा संबंधी जानकारी उपलब्ध कराने की व्यवस्था की गई है। इसके अलावा यात्रियों को धामों के मौसम, मार्ग की स्थिति और आवश्यक सावधानियों की जानकारी भी दी जा रही है।
जिलाधिकारी मयूर दीक्षित के निर्देशन में प्रशासन यात्रियों को सुगम और सुरक्षित यात्रा अनुभव उपलब्ध कराने के लिए लगातार कार्य कर रहा है। पुलिस, स्वास्थ्य विभाग, परिवहन विभाग और अन्य संबंधित एजेंसियां समन्वय के साथ व्यवस्थाओं को संचालित कर रही हैं।
चारधाम यात्रा के लिए देशभर से बड़ी संख्या में श्रद्धालु हरिद्वार पहुंच रहे हैं। ऋषिकुल मैदान स्थित यात्री पंजीकरण केंद्र से अब तक 03 लाख 61 हजार 833 यात्रियों का पंजीकरण किया जा चुका है, जो यात्रा के प्रति श्रद्धालुओं की गहरी आस्था को दर्शाता है।
प्रशासन ने यात्रियों से यात्रा पर रवाना होने से पहले अनिवार्य रूप से पंजीकरण कराने, स्वास्थ्य संबंधी आवश्यक सावधानियां बरतने तथा यात्रा के दौरान जारी दिशा-निर्देशों का पालन करने की अपील की है। यात्रा को सुरक्षित, व्यवस्थित और सुचारु बनाए रखने के लिए प्रशासन लगातार निगरानी बनाए हुए है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!