संविधान में सामाजिक न्याय व डाॅ. भीमराव अम्बेडकर का जीवन परिचय विषय पर गोष्ठी आयोजित…

हरिद्वार। शुक्रवार को एसएमजेएन महाविद्यालय के आन्तरिक गुणवत्ता आश्वासन प्रकोष्ठ द्वारा डाॅ. अम्बेडकर के विचारों में सामाजिक न्याय की संकल्पना तथा संविधान में सामजिक न्याय व डाॅ. भीमराव अम्बेडकर के जीवन परिचय विषयक एक गोष्ठी का आयोजन किया गया।
इस अवसर पर महाविद्यालय के प्राचार्य प्रो. सुनील कुमार बत्रा ने कहा कि डाॅ. भीमराव अम्बेडकर एक समाज सुधारक होने के साथ-साथ, एक अधिवक्ता, अर्थशास्त्री, राजनीतिक और भारतीय संविधान के मुख्य निर्माताओं में से एक थे। उन्होंने आर्थिक एवं सामाजिक असमानता पैदा करने वाली सामाजिक व्यवस्था को खत्म करने की पुरजोर वकालत की। डाॅ. अम्बेडकर का मानना था कि आर्थिक उत्थान के बिना कोई भी सामाजिक एवं राजनीतिक भागीदारी सम्भव नहीं होगी।
मुख्य अधिष्ठाता छात्र कल्याण एवं आन्तरिक गुणवत्ता प्रकोष्ठ के प्रभारी डाॅ. संजय कुमार माहेश्वरी ने अपने सम्बोधन में कहा कि डाॅ. अम्बेडकर द्वारा किये गयें कार्य आज शोध के लिए उपयुक्त हैं। वर्तमान समय में भारतीय अर्थव्यवस्था की सभी सामाजिक एवं आर्थिक समस्याओं जैसे गरीबी, बेरोजगारी, मंहगाई, पिछड़ापन आदि से सम्बन्धित गम्भीर विमर्श डाॅ. अम्बेडकर के आर्थिक शोधों में देखा जा सकता है।
गोष्ठी के मुख्य वक्ता राजनीति विज्ञान के विभागाध्यक्ष विनय थपलियाल ने सामाजिक न्याय की संकल्पना को विस्तार से समझाते हुए बताया कि डाॅ. भीमराव अम्बेडकर के सामाजिक न्याय की दिशा में किये गये कार्यों को भूलाया नहीं जा सकता। उन्होंने कहा कि सामाजिक विभिन्नताओं को इस क्रम में अभिविन्यासित किया जाना चाहिए कि न्यूनतम सुविधा प्राप्त को अधिकतम लाभ मिले और इस सन्दर्भ में डाॅ. अम्बेडकर से बड़ा प्रेरणादायक मनीषी सम्पूर्ण भारतवर्ष में शायद ही कोई हो।
इस अवसर पर बी.ए. चतुर्थ सेमेस्टर के छात्र आदित्य नौटियाल ने डाॅ. अम्बेडकर के सम्पूर्ण जीवन चरित्र पर प्रकाश डाला और एम.ए. द्वितीय सेमेस्टर की छात्रा कु. किरण ने सामाजिक न्याय की अवधारणा पर प्रकाश डाला। इसके अतिरिक्त गोष्ठी में कु. किरन, भावेश पंवार, रिया कश्यप, अपराजिता, अर्शिका आदि छात्र-छात्राओं ने प्रतिभाग किया। इस अवसर पर मुख्य रूप से वरिष्ठ पत्रकार संदीप रावत, डाॅ. नलिनी जैन, डाॅ. शिव कुमार चौहान, डाॅ. विनीता चौहान, डाॅ. पल्लवी राणा, डाॅ. मिनाक्षी शर्मा, डाॅ. आशा शर्मा, डाॅ. मोना शर्मा, डाॅ. लता शर्मा, डाॅ. रेनू सिंह, डाॅ. अनुरिषा, डाॅ. पूर्णिमा सुन्दरियाल, डाॅ. पदमावती तनेजा, दिव्यांश शर्मा, वैभव बत्रा, कार्यालय अधीक्षक मोहन चन्द्र पाण्डेय सहित काॅलेज के मंयक कुमार, अंतरिक्ष, वंश, चन्द्रकिरण, आदित्य नौटियाल सहित अनेक छात्र-छात्रा उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!