Home / शिक्षा / एसएमजेएन (पीजी) कॉलेज में चित्रकला प्रतियोगिता, विद्यार्थियों ने कैनवास पर उकेरा विकसित भारत @2047 का सपना…

एसएमजेएन (पीजी) कॉलेज में चित्रकला प्रतियोगिता, विद्यार्थियों ने कैनवास पर उकेरा विकसित भारत @2047 का सपना…

हरिद्वार। मंगलवार को एसएमजेएन (पीजी) कॉलेज में ‘सेवा संकल्प अभियान’ के अंतर्गत एक दिवसीय अंतर-महाविद्यालयीय चित्रकला (पेंटिंग) प्रतियोगिता का भव्य आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम का आयोजन महाविद्यालय के आंतरिक गुणवत्ता आश्वासन प्रकोष्ठ (IQAC), बीआईएस मानक क्लब,  लीगल एड सेल, राष्ट्रीय सेवा योजना (NSS), यूथ रेडक्रॉस तथा एंटी ड्रग प्रकोष्ठ के संयुक्त तत्वावधान में संपन्न हुआ। प्रतियोगिता का मुख्य उद्देश्य युवाओं में सामाजिक उत्तरदायित्व, रचनात्मकता, जन-जागरूकता और सकारात्मक सोच का संचार करना था।
प्रतियोगिता के दौरान विद्यार्थियों ने ‘विकसित भारत @2047 का स्वरूप’, ‘उत्तराखंड के विकास की परिकल्पना’ तथा ‘सरकार की विकास योजनाएं एवं उपलब्धियां’ विषयों पर अपनी उत्कृष्ट कलाकृतियां प्रस्तुत कीं।
विद्यार्थियों की प्रतिभा और विचारों की सराहना करते हुए कार्यक्रम के मुख्य वक्ता एवं महाविद्यालय के प्राचार्य प्रो. सुनील कुमार बत्रा ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि सेवा संकल्प अभियान युवाओं को समाज के प्रति अपने कर्तव्यों को समझने तथा एक संवेदनशील व जिम्मेदार नागरिक बनने की प्रेरणा देता है। चित्रकला न केवल सामाजिक चेतना जागृत करने का माध्यम है, बल्कि इसके द्वारा स्वरोजगार को बढ़ावा देकर युवा आर्थिक रूप से भी समृद्ध हो सकते हैं। यह कौशल विकास (Skill Development) का एक बेहतरीन जरिया है।”
इस अवसर पर अधिष्ठाता छात्र कल्याण संजय माहेश्वरी ने कहा कि पाठ्येतर गतिविधियां (Co-curricular activities) विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास और आत्मविश्वास वृद्धि में अत्यंत सहायक होती हैं। बीआईएस मानक क्लब के मेंटर विजय शर्मा ने कहा कि कला के जरिए जटिल सामाजिक संदेशों को भी जनसामान्य तक सरलता से पहुंचाया जा सकता है।
प्रतियोगिता में शालिनी एवं भूमिका को प्रथम स्थान, श्रेया एवं ख़ुशी शर्मा को संयुक्त रूप से द्वितीय स्थान, राजश्री एवं कशिश को संयुक्त रूप से तृतीय स्थान एवं सांत्वना पुरस्कार हेमन्त अग्रवाल तथा नम्रता को संयुक्त रूप से मिला।
निर्णायक मंडल में रजनी सिंघल, गीता शाह एवं पदमावती तनेजा ने विषयवस्तु, संदेश की स्पष्टता, रचनात्मकता एवं प्रभावशीलता के आधार पर विजेताओं का चयन किया।
कार्यक्रम का संचालन संयोजक पूर्णिमा सुंदरियाल एवं ज्योति चौधरी द्वारा किया गया। प्रतियोगिता के अंत में राजनीति विज्ञान विभागाध्यक्ष विनय थपलियाल ने सभी अतिथियों, प्राध्यापकों, निर्णायक मंडल व प्रतिभागी छात्र-छात्राओं का आभार एवं धन्यवाद ज्ञापित किया।
इस अवसर पर जे.सी. आर्य, शिव कुमार चौहान, मनोज कुमार सोही, वैभव बत्रा, विजय शर्मा, गौरव अग्रवाल, रिचा मिनोचा, रिंकल गोयल, नेहा भारती, गीता शाह, अंकित बंसल, अनुरीषा, मोना शर्मा, लता शर्मा, सरोज शर्मा, रेनू सिंह, पल्लवी राणा सहित महाविद्यालय का समस्त प्राध्यापक वर्ग एवं बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!