
हरिद्वार / कनखल। जगजीतपुर स्थित शिवडेल स्कूल में मदर्स-डे उत्साह, उमंग और भावनात्मक माहौल के बीच मनाया गया। कार्यक्रम में नन्हे-मुन्ने बच्चों ने अपनी माताओं के प्रति प्रेम, सम्मान और कृतज्ञता व्यक्त करते हुए गीत, नृत्य और कविताओं की मनमोहक प्रस्तुतियां दीं।
कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण बच्चों द्वारा प्रस्तुत आकर्षक रैंप वॉक रहा। रंग-बिरंगे परिधानों में सजे बच्चों ने आत्मविश्वास और मासूम अदाओं से सभी का मन मोह लिया। कार्यक्रम के दौरान अभिभावकों ने बच्चों की प्रस्तुतियों का जमकर उत्साहवर्धन किया।
विद्यालय के संस्थापक स्वामी शरद पुरी ने कहा कि माँ प्रेम, त्याग, संस्कार और ममता का जीवंत स्वरूप होती है। उन्होंने कहा कि बच्चे के जीवन की पहली पाठशाला उसकी माँ की गोद होती है, जहां से उसे जीवन के श्रेष्ठ संस्कार और संवेदनशीलता प्राप्त होती है। उन्होंने सभी बच्चों से अपनी माताओं का सम्मान और सेवा करने का संदेश दिया।
विद्यालय के प्रधानाचार्य अरविंद बंसल ने कहा कि इस प्रकार के कार्यक्रम बच्चों के सर्वांगीण विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। ऐसे आयोजनों से बच्चों में आत्मविश्वास, अभिव्यक्ति क्षमता और पारिवारिक मूल्यों के प्रति सम्मान की भावना विकसित होती है।
कार्यक्रम का उद्देश्य बच्चों को माँ के महत्व, उनके निस्वार्थ प्रेम और त्याग के प्रति जागरूक करना रहा। कार्यक्रम के सफल आयोजन में विद्यालय के कोऑर्डिनेटर विपिन मलिक का विशेष सहयोग रहा।
