Home / बिज़नेस / कुंभ 2027 को लेकर शहरी विकास मंत्री का हरिद्वार दौरा, पूर्व मंडी अध्यक्ष ने सौंपा ज्ञापन…

कुंभ 2027 को लेकर शहरी विकास मंत्री का हरिद्वार दौरा, पूर्व मंडी अध्यक्ष ने सौंपा ज्ञापन…

हरिद्वार। उत्तराखंड सरकार में शहरी विकास मंत्री राम सिंह कैड़ा के हरिद्वार प्रथम आगमन पर कुंभ मेला 2027 की तैयारियों को लेकर समीक्षा बैठक आयोजित की गई। मेला कंट्रोल रूम में आयोजित इस बैठक के दौरान पूर्व कृषि उत्पादन मंडी समिति अध्यक्ष संजय चोपड़ा ने अपने साथियों सहित मंत्री का अंगवस्त्र और फूलमालाओं से स्वागत किया तथा दो सूत्रीय मांगों से संबंधित ज्ञापन सौंपा।
ज्ञापन में मुख्य रूप से कुशा घाट मार्ग स्थित पुराने 15 नंबर बिजली घर के स्थान पर नए पुल के निर्माण की मांग उठाई गई। इसके साथ ही आगामी कुंभ मेले के दौरान सभी पार्किंग स्थलों के निकट उत्तराखंड नगरी फेरी नीति के तहत व्यवस्थित वेंडिंग जोन बनाए जाने की आवश्यकता पर जोर दिया गया।
इस अवसर पर लघु व्यापार एसोसिएशन के प्रांतीय अध्यक्ष संजय चोपड़ा ने कहा कि कुंभ 2027 के मद्देनजर मोती बाजार, पुराना सब्जी मंडी चौक, रामघाट बाजार, अपर रोड और कुशा घाट मार्ग पर श्रद्धालुओं की बढ़ती आवाजाही को देखते हुए नए पुल का निर्माण अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने यह भी मांग की कि सभी अखाड़ों और पार्किंग क्षेत्रों के पास रेड़ी-पटरी और लघु व्यापारियों को योजनाबद्ध तरीके से वेंडिंग जोन में स्थान दिया जाए, ताकि उनका रोजगार भी सुरक्षित रह सके।
संजय चोपड़ा ने मनसा देवी पैदल सीढ़ी मार्ग को पुनः खोलने और वहां के स्थानीय लघु व्यापारियों को फूल-प्रसाद, बिंदी, चूड़ी व माला आदि के स्वरोजगार की अनुमति दिए जाने की भी मांग की।
बैठक के दौरान शहरी विकास मंत्री राम सिंह कैड़ा ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि संजय चोपड़ा द्वारा प्रस्तुत प्रस्तावों को आगामी कुंभ मेला 2027 की योजना में शामिल करने पर विचार किया जाए।
इस मौके पर सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधियों में राजकुमार, नीतीश अग्रवाल, फूल सिंह, सुनील कुकरेती, अनिल कुमार, दीपक कुमार, कपिल, नितिन, ओमप्रकाश, राम सिंह और वीरेंद्र सहित कई लोग उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!