Home / बिज़नेस / मेयर किरन जैसल ने वेंडिंग जोन के लाभार्थी स्ट्रीट वेंडर्स को सौंपीं क्यॉस्क की चाबियां…

मेयर किरन जैसल ने वेंडिंग जोन के लाभार्थी स्ट्रीट वेंडर्स को सौंपीं क्यॉस्क की चाबियां…

हरिद्वार। मंगलवार को मेयर कार्यालय पर आयोजित कार्यक्रम के दौरान हरिद्वार मेयर किरन जैसल ने भगत सिंह चौक से सेक्टर -02 बैरियर तक रेलवे लाइन की ओर विकसित किए गए वेंडिंग जोन के लाभार्थी स्ट्रीट वेंडर्स को क्यॉस्क की चाबियाँ सौंपीं। इस अवसर पर क्यॉस्क प्राप्त करने वाले लघु व्यापारियों के चेहरों पर खुशी साफ झलक रही थी।
कार्यक्रम के दौरान लघु व्यापारी कुंवर सिंह मंडवाल, चेतन देव गुप्ता, हर्षवर्धन, अनीश अंसारी, राकेश गुप्ता, संजय मांझी, जितेन्द्र कुमार, सभापति सिंह, ब्रिजेश और नीरज कुमार सहित कुल दस लाभार्थियों को विधिवत रूप से क्यॉस्क की चाबियाँ प्रदान की गईं। लंबे समय से प्रतीक्षा कर रहे इन स्ट्रीट वेंडर्स को अब एक व्यवस्थित और सुरक्षित स्थान पर अपना व्यवसाय करने का अवसर मिलेगा।
इस मौके पर मेयर किरन जैसल ने कहा कि नगर निगम का उद्देश्य छोटे व्यापारियों और स्ट्रीट वेंडर्स को सम्मानजनक आजीविका उपलब्ध कराना है। वेंडिंग जोन के निर्माण से न केवल शहर की यातायात व्यवस्था सुचारू होगी, बल्कि वेंडर्स को भी स्थायित्व और सुरक्षा मिलेगी। उन्होंने कहा कि भविष्य में चरणबद्ध तरीके से शहर के अन्य क्षेत्रों में भी वेंडिंग जोन विकसित किए जाएंगे।
लघु व्यापार एसोसिएशन के प्रांतीय अध्यक्ष संजय चोपड़ा ने इस पहल के लिए मेयर का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि यह कदम छोटे व्यापारियों के हित में मील का पत्थर साबित होगा। उन्होंने कहा कि क्यॉस्क मिलने से वेंडर्स को पहचान, सुरक्षा और नियमित आय का साधन मिलेगा, जिससे उनके जीवन स्तर में सुधार आएगा।
कार्यक्रम में सहायक नगर आयुक्त ऋषभ उनियाल, पार्षद निशा पुंडीर, दीपक शर्मा सहित अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!