Home / पुलिस / अधिकारी को गोली मारने वाला संविदा चालक गिरफ्तार, पुलिस ने तमंचा और खोखा कारतूस किया बरामद…

अधिकारी को गोली मारने वाला संविदा चालक गिरफ्तार, पुलिस ने तमंचा और खोखा कारतूस किया बरामद…

हरिद्वार / कनखल। कोतवाली कनखल क्षेत्र के विष्णु गार्डन में संविदा पर नियुक्त चालक ने अपने ही अधिकारी को गोली मार दी। गोली अधिकारी को छूकर निकल गई, जिससे वह बाल-बाल बच गए। घायल अधिकारी को उपचार के लिए एम्स में भर्ती कराया गया है। घटना की सूचना मिलते ही कनखल पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए आरोपी चालक विनोद नेगी को मौके से हिरासत में ले लिया। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से घटना में प्रयुक्त 315 बोर का तमंचा और एक खोखा कारतूस बरामद किया है।
पुलिस के अनुसार, 21 नवंबर 2026 को थाना कनखल पुलिस को विष्णु गार्डन क्षेत्र में गोली चलने की सूचना मिली थी। मौके पर पहुंची पुलिस को जानकारी मिली कि संविदा चालक विनोद नेगी ने अपने अधिकारी चन्द्रप्रकाश नौटियाल को गोली मारी है। प्रारंभिक पूछताछ में सामने आया कि अधिकारी और चालक के बीच पिछले चार से पांच महीनों से विवाद चल रहा था। आरोपी अधिकारी की टोका-टाकी और कथित रूप से परेशान किए जाने से नाराज था। इसी रंजिश के चलते उसने घटना को अंजाम दिया।
घटना के बाद आरोपी ने साक्ष्य मिटाने के उद्देश्य से कार्यालय में फर्श पर पोछा लगाकर सफाई करने का प्रयास किया। साथ ही कपड़े बदलकर मौके से फरार होने की तैयारी में था, लेकिन कनखल पुलिस की तत्परता से उसे मौके पर ही पकड़ लिया गया। वादी चन्द्रप्रकाश नौटियाल की तहरीर पर थाना कनखल में बीएनएस एवं आर्म्स एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है।
पुलिस टीम में कोतवाली प्रभारी निरीक्षक देवेन्द्र सिंह रावत, एसएसआई अनुज सिंह, उपनिरीक्षक नवल किशोर गुप्ता, अपर उपनिरीक्षक मुन्ना नेगी, हेड कांस्टेबल जितेन्द्र कुमार और कांस्टेबल संजू सैनी शामिल रहे। पुलिस ने आरोपी के विरुद्ध आवश्यक वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!