Home / राज्य / ईमानदारी की मिसाल: प्रमोद खारी ने बैंक की गलती से मिले एक लाख रुपये लौटाए

ईमानदारी की मिसाल: प्रमोद खारी ने बैंक की गलती से मिले एक लाख रुपये लौटाए

हरिद्वार। आज के दौर में जहां छोटी-छोटी भूलों का फायदा उठाने की प्रवृत्ति देखने को मिलती है, वहीं राजनेता एवं वरिष्ठ समाजसेवी प्रमोद खारी ने ईमानदारी और नैतिकता की मिसाल पेश की है। उन्होंने बैंक की गलती से अतिरिक्त मिले एक लाख रुपये वापस लौटाकर समाज के सामने एक प्रेरणादायक उदाहरण प्रस्तुत किया।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, आज प्रमोद खारी की कंपनी के अकाउंट मैनेजर कोटक महिंद्रा बैंक से नकद राशि निकालकर लाए थे। बाद में जब नकदी की जांच की गई तो पता चला कि बैंक के कैशियर की गलती से निर्धारित राशि से एक लाख रुपये अतिरिक्त दे दिए गए हैं।

जैसे ही इस गलती की जानकारी प्रमोद खारी को मिली, उन्होंने बिना देर किए स्वयं बैंक शाखा पहुंचकर अतिरिक्त मिले एक लाख रुपये बैंक स्टाफ को वापस कर दिए। उनकी इस ईमानदारी पर बैंक मैनेजर सहित पूरी बैंक टीम ने उनका आभार व्यक्त किया।

इस अवसर पर प्रमोद खारी ने कहा कि किसी की भूल या गलती का फायदा उठाना उचित नहीं है। ईमानदारी ही इंसान की सबसे बड़ी कमाई होती है। हमें हमेशा नैतिकता और अपने संस्कारों को प्राथमिकता देनी चाहिए।

प्रमोद खारी के इस कदम की चर्चा क्षेत्र में हो रही है। उनका यह कार्य संदेश देता है कि ईमानदारी केवल शब्दों तक सीमित नहीं होनी चाहिए, बल्कि उसे अपने व्यवहार और कर्मों में भी उतारना चाहिए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!