
हरिद्वार। रानीपुर विधानसभा क्षेत्र में चल रहे एवं प्रस्तावित विकास कार्यों की प्रगति को लेकर विधायक आदेश चौहान ने लोक निर्माण विभाग (PWD) के अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक की। बैठक में क्षेत्र की प्रमुख सड़कों के पुनर्निर्माण, आंतरिक सड़कों के निर्माण तथा कुंभ मेला-2027 के अंतर्गत चल रहे विकास कार्यों की प्रगति पर विस्तार से चर्चा की गई।
आदेश चौहान ने अधिकारियों को राजा गार्डन मुख्य मार्ग, फुटबॉल ग्राउंड मुख्य मार्ग तथा शांतिपुरम चौराहे से हाईवे को जोड़ने वाले मार्ग के पुनर्निर्माण का कार्य तत्काल प्रारंभ करने के निर्देश दिए।
इसके अतिरिक्त उन्होंने शिवालिकनगर, सलेमपुर महदूद, ज्वालापुर एवं टिहरी विस्थापित क्षेत्र की आंतरिक सड़कों के निर्माण एवं सुधार कार्य दीपावली के उपरांत प्रारंभ करने के निर्देश दिए, ताकि क्षेत्रवासियों को आवागमन में हो रही परेशानियों से शीघ्र राहत मिल सके।
विधायक ने कुंभ मेला-2027 के अंतर्गत निर्माणाधीन पुलों एवं अन्य विकास कार्यों की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को सभी कार्य निर्धारित समय-सीमा में गुणवत्तापूर्ण ढंग से पूर्ण करने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि विकास कार्यों में अनावश्यक विलंब स्वीकार्य नहीं होगा तथा कार्यों की नियमित निगरानी सुनिश्चित की जाए।
आदेश चौहान ने कहा कि रानीपुर विधानसभा क्षेत्र में आधारभूत सुविधाओं का विस्तार और सड़कों का सुदृढ़ीकरण उनकी प्राथमिकता है। जनता की आवश्यकताओं के अनुरूप विकास कार्यों को गति देने के लिए विभागीय अधिकारियों को पूरी जिम्मेदारी एवं तत्परता से कार्य करना चाहिए।













