Home / राजनीति / 2027 विधानसभा चुनाव की तैयारियों में जुटी भाजपा, बूथ स्तर पर संगठन मजबूत करने पर जोर…

2027 विधानसभा चुनाव की तैयारियों में जुटी भाजपा, बूथ स्तर पर संगठन मजबूत करने पर जोर…

हरिद्वार। भारतीय जनता पार्टी की हरिद्वार ग्रामीण विधानसभा की संगठनात्मक बैठक शुक्रवार को मिस्सरपुर में आयोजित की गई। बैठक में आगामी विधानसभा चुनाव 2027 की तैयारियों को लेकर विस्तार से चर्चा की गई। प्रदेश अध्यक्ष एवं राज्यसभा सांसद महेंद्र भट्ट ने कार्यकर्ताओं से अभी से बूथ स्तर पर सक्रिय होकर संगठन को मजबूत बनाने का आह्वान किया।
बैठक का शुभारंभ अतिथियों ने दीप प्रज्वलित कर किया। इस दौरान प्रदेश उपाध्यक्ष एवं पूर्व कैबिनेट मंत्री स्वामी यतीश्वरानंद तथा जिला अध्यक्ष आशुतोष शर्मा विशिष्ट अतिथि के रूप में मौजूद रहे। बैठक का संचालन जिला मीडिया प्रभारी धर्मेंद्र सिंह चौहान ने किया।
प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट ने कहा कि भाजपा कार्यकर्ता आधारित पार्टी है और संगठन ही उसकी सबसे बड़ी ताकत है। आगामी 2027 के विधानसभा चुनाव को ध्यान में रखते हुए सभी कार्यकर्ताओं को अभी से बूथ स्तर पर जुटना होगा। केंद्र और प्रदेश सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को हर घर तक पहुंचाना सभी की जिम्मेदारी है। उन्होंने शक्ति केंद्र और बूथ स्तर पर होने वाली बैठकों के लिए प्रभारियों के नाम तय करते हुए तत्काल बैठकों की तैयारियों में जुटने का आह्वान किया।
उन्होंने कहा कि कांग्रेस वोट चोरी का मुद्दा उठाकर जनता को भ्रमित करने का प्रयास कर रही है, जबकि उत्तराखंड की जनता विकास और भाजपा के साथ है। आगामी विधानसभा चुनाव में भाजपा कार्यकर्ताओं की मेहनत, मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में हुए विकास कार्यों और केंद्र सरकार की योजनाओं के दम पर चुनाव मैदान में उतरेगी।
पूर्व कैबिनेट मंत्री स्वामी यतीश्वरानंद ने कहा कि कार्यकर्ता किसी भी राजनीतिक दल की रीढ़ होते हैं। हरिद्वार ग्रामीण विधानसभा में भाजपा ने हमेशा अच्छा प्रदर्शन किया है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से आपसी तालमेल और समन्वय के साथ प्रत्येक बूथ को मजबूत बनाने की अपील की। कहा कि बूथ स्तर पर मजबूती से ही 2027 में प्रदेश में दोबारा भाजपा की सरकार बनाने का लक्ष्य हासिल होगा।
जिला अध्यक्ष आशुतोष शर्मा ने कहा कि बैठक में हरिद्वार ग्रामीण विधानसभा के प्रमुख कार्यकर्ताओं ने प्रतिभाग किया। जिला संगठन प्रत्येक कार्यकर्ता के साथ खड़ा है। आने वाले समय में सदस्यता अभियान और बूथ सशक्तिकरण पर विशेष ध्यान दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार ने ग्रामीण क्षेत्रों में शिक्षा, चिकित्सा, किसान, व्यापारी, मजदूर, गरीब और महिलाओं सहित सभी वर्गों के विकास के लिए अनेक कार्य किए हैं। कार्यकर्ता पार्टी की विचारधारा और सरकार की उपलब्धियों को घर-घर तक पहुंचाने का काम करेंगे। उन्होंने प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट सहित सभी अतिथियों का स्वागत एवं अभिनंदन किया।
बैठक में मंडल अध्यक्ष विक्रम चौहान, सुशील पवार, विवेक चौहान, राकेश सैनी, जगपाल सिंह, विधानसभा प्रभारी विशाल गुप्ता, विस्तारक प्रमोद रमोला, सुनील पाल, मोहम्मद सफी लोधा, तेजपाल चौहान, सरदार करण सिंह, नाथीराम, बलवंत पवार, हरेंद्र चौधरी, डॉ. प्रदीप चौधरी सहित बड़ी संख्या में भाजपा पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!