Home / शिक्षा / सुरक्षित बचपन अभियान के तहत आदर्श बाल सदन इंटर कॉलेज में जागरूकता कार्यशाला, 150 छात्र-छात्राओं ने लिया भाग…

सुरक्षित बचपन अभियान के तहत आदर्श बाल सदन इंटर कॉलेज में जागरूकता कार्यशाला, 150 छात्र-छात्राओं ने लिया भाग…

हरिद्वार। बहादरपुर जट स्थित आदर्श बाल सदन इंटर कॉलेज में शुक्रवार को सुरक्षित बचपन अभियान के अंतर्गत जागरूकता कार्यशाला का आयोजन किया गया। कार्यशाला में छात्र-छात्राओं को साइबर ठगी, नशे के दुष्प्रभाव, बाल विवाह, बाल अपराध, महिला उत्पीड़न और उनके कानूनी अधिकारों के प्रति जागरूक किया गया। कार्यक्रम में कक्षा 11वीं और 12वीं के 150 से अधिक छात्र-छात्राओं ने प्रतिभाग किया।
कार्यक्रम में जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की ओर से एडवोकेट रमन सैनी, उत्तराखंड पुलिस की ओर से संतरशाह चौकी प्रभारी अजय कुमार, चाइल्ड हेल्पलाइन हरिद्वार के करनैल सिंह, अधिकार मित्र हैप्पी रानी, राखी रानी एवं एडवोकेट राजपाल ने विद्यार्थियों को महत्वपूर्ण जानकारियां दीं।
कार्यक्रम का शुभारंभ करते हुए विद्यालय के प्रधानाचार्य धर्मेंद्र सिंह चौहान ने अतिथियों का स्वागत किया। उन्होंने कहा कि बच्चे देश का भविष्य हैं। वर्तमान समय में बच्चों को नशे और मोबाइल के माध्यम से होने वाली साइबर ठगी से बचाना बेहद जरूरी है। बच्चों को अपने अधिकारों और समाज में व्याप्त बुराइयों के बारे में जानकारी होनी चाहिए। उन्होंने जिला विधिक सेवा प्राधिकरण और उत्तराखंड पुलिस का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि इनके माध्यम से समय-समय पर साइबर अपराध, नशा, ठगी, बाल अपराध, महिला उत्पीड़न, बाल विवाह और पॉक्सो एक्ट के संबंध में जागरूक किया जाता है। सभी को समाज और सरकार द्वारा बनाए गए नियमों का पालन करना चाहिए, ताकि अपराधों पर अंकुश लगाया जा सके।
चौकी प्रभारी अजय कुमार ने साइबर अपराधों के प्रति सतर्क करते हुए कहा कि आजकल लॉटरी, गिफ्ट और अन्य प्रलोभन देकर लोगों से ओटीपी हासिल कर ठगी की जा रही है। इसका शिकार बच्चे और युवा भी हो रहे हैं। उन्होंने विद्यार्थियों को किसी भी अनजान व्यक्ति के साथ ओटीपी साझा नहीं करने की सलाह दी। साथ ही किसी भी आपात स्थिति में 1091 महिला हेल्पलाइन, 112 पुलिस हेल्पलाइन और 1930 साइबर हेल्पलाइन पर सूचना देने की अपील की।
एडवोकेट रमन सैनी ने जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की ओर से मिलने वाली निःशुल्क कानूनी सहायता की जानकारी देते हुए बताया कि जरूरतमंद गरीब, महिलाओं, दिव्यांगजनों और बीमार व्यक्तियों को पात्रता के अनुसार मुफ्त कानूनी सहायता उपलब्ध कराई जाती है। उन्होंने कहा कि कानून की जानकारी प्रत्येक नागरिक के लिए जरूरी है। नशे से दूर रहने के लिए विद्यार्थियों को खेलकूद और पढ़ाई में मन लगाना चाहिए, क्योंकि नशा अनेक अपराधों की जड़ है। बाल विवाह रोकना भी हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है।
चाइल्ड हेल्पलाइन के करनैल सिंह ने विद्यार्थियों से अपील की कि यदि कहीं बाल विवाह या बच्चों के साथ किसी प्रकार का गलत व्यवहार होता दिखाई दे तो चुप न रहें, बल्कि तत्काल पुलिस या चाइल्ड हेल्पलाइन को इसकी सूचना दें।
कार्यक्रम का संचालन विकास यादव ने किया। इस अवसर पर सतीश शास्त्री, वीर सिंह, अजय यादव, अरुण यादव, पूजा जोशी, सुरेंद्र कुमार, शाहिद अली, कलीम अंसारी, ऋषिपाल यादव, सुदेश चौहान, सुभाष चौहान सहित विद्यालय के शिक्षक एवं छात्र-छात्राएं मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!