Home / खेल / 22वीं U-16 डिस्ट्रिक्ट बास्केटबॉल चैंपियनशिप में डीएवी और बीएमएल मुजियाल ने जीती चैम्पियन ट्रॉफी…

22वीं U-16 डिस्ट्रिक्ट बास्केटबॉल चैंपियनशिप में डीएवी और बीएमएल मुजियाल ने जीती चैम्पियन ट्रॉफी…

हरिद्वार। शिवडेल पब्लिक स्कूल में आयोजित 22वीं U-16 डिस्ट्रिक्ट बास्केटबॉल चैंपियनशिप के बालक एवं बालिका वर्ग के फाइनल मुकाबले रोमांचक रहे। बालक वर्ग में डीएवी पब्लिक स्कूल ने शानदार प्रदर्शन करते हुए शिवडेल पब्लिक स्कूल को 58-14 के बड़े अंतर से हराकर चैम्पियन ट्रॉफी अपने नाम की। वहीं बालिका वर्ग के बेहद कड़े मुकाबले में बीएमएल मुजियाल ने डीएवी पब्लिक स्कूल को 43-42 से शिकस्त देकर खिताब पर कब्जा किया।
डिस्ट्रिक्ट बास्केटबॉल एसोसिएशन के सचिव संजय चौहान ने बताया कि दो दिवसीय डे-नाइट आयोजित इस 22वीं U-16 डिस्ट्रिक्ट बास्केटबॉल चैंपियनशिप में जिले के विभिन्न स्कूलों के खिलाड़ियों ने प्रतिभाग किया। प्रतियोगिता के दौरान कई खिलाड़ियों ने शानदार खेल का प्रदर्शन किया। उन्होंने कहा कि चैंपियनशिप का उद्देश्य युवा खिलाड़ियों को बेहतर मंच उपलब्ध कराना और बास्केटबॉल के प्रति उनकी रुचि को बढ़ावा देना है।
चैंपियनशिप के समापन समारोह में मुख्य अतिथि रानीपुर विधायक आदेश चौहान ने विजेता खिलाड़ियों को ट्रॉफी एवं मेडल प्रदान किए। इस दौरान खिलाड़ियों को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि सभी खिलाड़ियों को खेल भावना के साथ खेलना चाहिए। खेलों से बच्चों का शारीरिक और मानसिक विकास होता है, इसलिए प्रत्येक व्यक्ति को अपने जीवन में किसी न किसी खेल से जुड़ना चाहिए।
आदेश चौहान ने कहा कि जो खिलाड़ी मेहनत और लगन के साथ खेल के मैदान में पसीना बहाता है, वह आने वाले समय में खेल के क्षेत्र में देश और प्रदेश का नाम रोशन कर सकता है। उन्होंने प्रदेश में खेलों को बढ़ावा देने के लिए सरकार की ओर से किए जा रहे प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि खिलाड़ियों के लिए खेल महाकुंभ, मुख्यमंत्री चैंपियन ट्रॉफी सहित विभिन्न योजनाएं और छात्रवृत्ति कार्यक्रम संचालित किए जा रहे हैं। इन योजनाओं का लाभ खिलाड़ियों को मिल रहा है।
विशिष्ट अतिथि सांसद प्रतिनिधि अनिल पुरी ने कहा कि खिलाड़ियों को लगन और मेहनत के साथ अपने खेल पर ध्यान देना चाहिए। उन्होंने कहा कि बास्केटबॉल तेज गति वाला खेल है और हरिद्वार में इस खेल के प्रति खिलाड़ियों की रुचि लगातार बढ़ रही है। आने वाले समय में हरिद्वार से कई प्रतिभाशाली खिलाड़ी प्रदेश की टीम का प्रतिनिधित्व कर सकते हैं।
डिस्ट्रिक्ट बास्केटबॉल एसोसिएशन के सचिव संजय चौहान ने कहा कि 22वीं U-16 चैंपियनशिप में खिलाड़ियों ने उत्साह के साथ प्रतिभाग किया और कई खिलाड़ियों ने अपने शानदार खेल से प्रभावित किया। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड में खेल प्रतिभाओं को आगे बढ़ाने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं और इस तरह की प्रतियोगिताएं खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा दिखाने का बेहतर अवसर प्रदान करती हैं।
समापन समारोह में शिवडेल स्कूल के प्रधानाचार्य अरविंद बंसल, भारतीय जनता युवा मोर्चा के जिला मंत्री अर्श नय्यर, अमित शर्मा, मनोरम शर्मा, लक्ष्य, आकांक्षा शर्मा, आलोक शर्मा और अनुज कुमार सहित अन्य लोग मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!