Home / खेल / पांचवीं सीनियर जिला बास्केटबॉल चैंपियनशिप का शुभारंभ, खिलाड़ियों ने दिखाया दमखम…

पांचवीं सीनियर जिला बास्केटबॉल चैंपियनशिप का शुभारंभ, खिलाड़ियों ने दिखाया दमखम…

हरिद्वार। पांचवीं सीनियर जिला बास्केटबॉल चैंपियनशिप बालक एवं बालिका वर्ग का आयोजन शिवडेल स्कूल, बीएचईएल सेक्टर-1 में किया जा रहा है। जिला बास्केटबॉल एसोसिएशन के सचिव संजय चौहान ने बताया कि प्रतियोगिता में जिले की विभिन्न महिला एवं पुरुष वर्ग की टीमें प्रतिभाग कर रही हैं। प्रतियोगिता का समापन सोमवार को किया जाएगा।
प्रतियोगिता का उद्घाटन दर्जा प्राप्त राज्यमंत्री नवीन पंत ने बास्केटबॉल को बास्केट में डालकर किया। इस अवसर पर उन्होंने खिलाड़ियों को संबोधित करते हुए कहा कि खेलों से शरीर और मन स्वस्थ रहते हैं। खेल शारीरिक एवं मानसिक क्षमता बढ़ाने के साथ एकाग्रता का विकास भी करते हैं। इसलिए प्रत्येक व्यक्ति को किसी न किसी खेल से जुड़ना चाहिए।
उन्होंने कहा कि उत्तराखंड आज खेलों के क्षेत्र में अपनी अलग पहचान बना रहा है। प्रतियोगिता में प्रतिभाग कर रहे खिलाड़ियों में से ही भविष्य में कई खिलाड़ी राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर प्रदेश और देश का गौरव बढ़ाएंगे। प्रदेश सरकार खेलों को प्रोत्साहित करने के लिए विभिन्न योजनाएं चला रही है, जिनके माध्यम से खिलाड़ियों को बेहतर कोचिंग और खेल उपकरण उपलब्ध कराए जा रहे हैं। इसके लिए उन्होंने मुख्यमंत्री का आभार जताया।
प्रतियोगिता के बालक वर्ग का पहला मुकाबला डीएवी पब्लिक स्कूल और बीएमएल मुंजाल स्कूल के बीच खेला गया, जिसमें डीएवी पब्लिक स्कूल ने 34-20 से जीत दर्ज की। वहीं बालिका वर्ग के पहले मुकाबले में होमीज क्लब ने एंबीशन क्लब को 47-35 से हराकर शानदार जीत हासिल की।
कार्यक्रम में सांसद प्रतिनिधि अनिल पुरी, शिवडेल स्कूल के प्रधानाचार्य पुनीत श्रीवास्तव, भाजपा जिला खेल संयोजक योगेश शर्मा, अमित शर्मा, आलोक सिंह, मनोरम शर्मा, लक्ष्य शर्मा, आकांक्षा और इंद्रेश गौड़ सहित अन्य लोग उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!