Home / मुख्य ख़बर / रोटरी हरिद्वार ने कांवड़ यात्रा में रचा सेवा का नया इतिहास, 1.25 लाख जूस की बोतलों का किया वितरण…

रोटरी हरिद्वार ने कांवड़ यात्रा में रचा सेवा का नया इतिहास, 1.25 लाख जूस की बोतलों का किया वितरण…

हरिद्वार। श्रावण मास में आयोजित कांवड़ यात्रा के दौरान रोटरी हरिद्वार ने सेवा और सामाजिक उत्तरदायित्व का एक नया कीर्तिमान स्थापित किया है। क्लब ने कांवड़ यात्रियों की सेवा के लिए एक लाख जूस की बोतलों के वितरण का लक्ष्य निर्धारित किया था, लेकिन सदस्यों के सामूहिक प्रयास और विभिन्न संस्थाओं के सहयोग से यह अभियान लक्ष्य से आगे बढ़ते हुए करीब 1.25 लाख जूस की बोतलों के वितरण तक पहुंच गया।
इस महाअभियान में रोटरी हरिद्वार के सभी सदस्यों ने बढ़-चढ़कर भागीदारी निभाई। क्लब के आई.पी.पी. रो. डॉ. आलोक सारस्वत ने इमामी ग्रुप (Axiom) के सीएसआर सहयोग से 1.25 लीटर जूस की बोतलों की संपूर्ण लॉजिस्टिक्स और आपूर्ति व्यवस्था का सफल संचालन किया, जिससे पूरे अभियान के दौरान किसी प्रकार की कमी नहीं आने दी गई।
पूर्व अध्यक्ष रो. बी. एम. गुप्ता के नेतृत्व में उनकी टीम ने आई.पी.-4, बेगमपुर में लगातार पांच दिनों तक सेवा शिविर संचालित करते हुए करीब 30 हजार जूस की बोतलों का वितरण किया। वहीं, रो. निखिल गर्ग के संयोजकत्व में रोटरी हरिद्वार के सदस्यों और रोटरी एन्स ने रानीपुर स्थित प्रेम नगर आश्रम पुल पर प्रतिदिन सायंकाल सेवा शिविर लगाकर पांच दिनों में लगभग 30 हजार जूस की बोतलें श्रद्धालुओं को वितरित कीं।
रो. संजय पचीसिया एवं उनकी टीम ने JURS Country क्षेत्र में 10 हजार जूस की बोतलों का सफलतापूर्वक वितरण किया। इसके अलावा कांवड़ यात्रा के दौरान दिन-रात ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मियों के प्रति सम्मान व्यक्त करते हुए रो. हरेंद्रनाथ, पूर्व अध्यक्ष रो. हिमांशु चोपड़ा, रो. विवेक मिश्रा, रो. भूषण ननकानी, रो. अंकुर मित्तल और रो. गौरव गुप्ता ने विभिन्न पुलिस थानों एवं पुलिस टीमों तक लगभग 35 हजार जूस की बोतलों का वितरण सुनिश्चित किया।
अभियान को व्यापक स्वरूप देने में आई.पी.पी. रो. डॉ. आलोक सारस्वत ने ऋषिकेश, रुड़की और देहरादून के विभिन्न रोटरी क्लबों के साथ-साथ मारवाड़ी सभा एवं मंदिर समिति, छट घाट जैसी सामाजिक संस्थाओं के साथ समन्वय स्थापित किया। इनके माध्यम से इन क्षेत्रों में भी करीब 20 हजार जूस की बोतलों का वितरण किया गया।
इस सेवा अभियान की सफलता पर आई.पी.पी. रो. डॉ. आलोक सारस्वत ने इमामी ग्रुप (Axiom) का सीएसआर सहयोग के लिए आभार व्यक्त करते हुए सभी सहयोगी संस्थाओं, रोटरी क्लबों, स्वयंसेवकों और रोटरी हरिद्वार के सदस्यों का धन्यवाद किया। उन्होंने कहा कि सभी के सामूहिक प्रयास से यह अभियान ऐतिहासिक सफलता प्राप्त कर सका।
रोटरी हरिद्वार के अध्यक्ष रो. डॉ. नीलमाधव साहू ने क्लब के सभी सदस्यों को इस उपलब्धि पर बधाई देते हुए सेवा स्थल पर एक और महत्वपूर्ण परियोजना का शुभारंभ किया। इसके तहत कांवड़ यात्रियों के लिए निःशुल्क चिकित्सा शिविर, मुफ्त दवा वितरण, दर्द निवारक स्प्रे उपलब्ध कराने तथा छोटी-मोटी चोटों का उपचार करने की व्यवस्था की गई।
रोटरी हरिद्वार ने इस अभियान के माध्यम से एक बार फिर यह साबित किया कि “सेवा ही सर्वोपरि” (Service Above Self) केवल रोटरी का ध्येय वाक्य नहीं, बल्कि प्रत्येक रोटेरियन के जीवन का संकल्प है। सामूहिक प्रयास, समर्पण और सेवा भावना के बल पर क्लब ने अपने इतिहास के सबसे बड़े और प्रभावशाली सामुदायिक सेवा अभियानों में से एक को सफलतापूर्वक पूरा किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!