Home / पुलिस / 296 CCTV कैमरों की जांच से खुला लूटकांड, पुलिस ने दो शातिर लुटेरे दबोचे…

296 CCTV कैमरों की जांच से खुला लूटकांड, पुलिस ने दो शातिर लुटेरे दबोचे…

हरिद्वार / मंगलौर। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक हरिद्वार के नेतृत्व में कोतवाली मंगलौर पुलिस ने लूट की एक सनसनीखेज वारदात का खुलासा करते हुए दो शातिर आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से लूटी गई बुलेट मोटरसाइकिल और घटना में प्रयुक्त स्प्लेंडर बाइक भी बरामद की है। मामले में फरार दो अन्य आरोपियों की तलाश में लगातार दबिश दी जा रही है।
जानकारी के अनुसार, 5 जून 2026 को देवबंद निवासी हिमांशु पुत्र राजीव ने कोतवाली मंगलौर में शिकायत दर्ज कराई थी कि अज्ञात बदमाश उनकी बुलेट मोटरसाइकिल संख्या UK08AX-3897 लूटकर फरार हो गए। शिकायत के आधार पर पुलिस ने संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की।
मामले की गंभीरता को देखते हुए एसएसपी हरिद्वार के निर्देश पर पुलिस अधीक्षक ग्रामीण के पर्यवेक्षण तथा क्षेत्राधिकारी मंगलौर के मार्गदर्शन में प्रभारी निरीक्षक मंगलौर ने विशेष टीमों का गठन किया। पुलिस टीम ने घटना के खुलासे के लिए जनपद एवं आसपास के क्षेत्रों में लगे करीब 296 CCTV कैमरों की फुटेज खंगाली और स्थानीय अपराधियों की गतिविधियों का विश्लेषण किया।
लगातार जांच और मुखबिर की सटीक सूचना के आधार पर 16 जून 2026 को पुलिस टीम ने हरिद्वार के सर्वानंद घाट क्षेत्र से दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में आरोपियों ने अपने दो अन्य साथियों की संलिप्तता भी स्वीकार की, जिनकी गिरफ्तारी के प्रयास जारी हैं।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान आशीष पुत्र महावीर निवासी ग्राम डोसीनी, थाना लक्सर तथा सिद्धार्थ पुत्र बिरमपाल निवासी ग्राम ढंढेरा, थाना सिविल लाइन रुड़की के रूप में हुई है।
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से लूटी गई बुलेट मोटरसाइकिल संख्या UK08AX-3897 तथा घटना में प्रयुक्त बिना नंबर की स्प्लेंडर मोटरसाइकिल बरामद की है।
इस सफल कार्रवाई में उपनिरीक्षक कमल कांत रतूड़ी, कांस्टेबल रणवीर, रोशन, दिनेश तथा सीआईयू रुड़की से कांस्टेबल महिपाल की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!