
हरिद्वार। चारधाम यात्रा के लिए देशभर से आने वाले श्रद्धालुओं का उत्साह लगातार बना हुआ है। हरिद्वार के ऋषिकुल मैदान स्थित यात्री पंजीकरण केंद्र में मंगलवार को 3192 श्रद्धालुओं ने चारधाम एवं हेमकुंड साहिब यात्रा के लिए अपना पंजीकरण कराया।
जारी पंजीकरण बुलेटिन के अनुसार यमुनोत्री धाम के लिए 552, गंगोत्री धाम के लिए 578, केदारनाथ धाम के लिए 1003, बद्रीनाथ धाम के लिए 1052 तथा हेमकुंड साहिब के लिए 7 यात्रियों ने पंजीकरण कराया। इस प्रकार कुल 3192 यात्रियों ने विभिन्न राज्यों से पहुंचकर यात्रा के लिए अपना पंजीकरण कराया।
चारधाम यात्रा के प्रमुख पड़ाव हरिद्वार में बनाए गए ऋषिकुल मैदान पंजीकरण केंद्र पर श्रद्धालुओं की लगातार बढ़ती संख्या यात्रा के प्रति लोगों की आस्था को दर्शा रही है। प्रशासन द्वारा यात्रियों की सुविधा के लिए पंजीकरण, मार्गदर्शन और आवश्यक जानकारी की समुचित व्यवस्था की गई है।
जारी बुलेटिन के अनुसार ऋषिकुल मैदान स्थित पंजीकरण केंद्र से अब तक कुल 04 लाख 32 हजार 650 श्रद्धालु चारधाम यात्रा के लिए अपना पंजीकरण करा चुके हैं। यात्रा सीजन के दौरान प्रतिदिन बड़ी संख्या में श्रद्धालु उत्तराखंड पहुंच रहे हैं, जिससे चारधाम यात्रा मार्गों पर रौनक बनी हुई है।
प्रशासन ने यात्रियों से यात्रा पर रवाना होने से पहले अनिवार्य पंजीकरण कराने तथा मौसम एवं यात्रा संबंधी दिशा-निर्देशों का पालन करने की अपील की है।
