
नई दिल्ली / उत्तराखण्ड। भारतीय शूटिंग जगत से एक बेहद दुखद खबर सामने आई है। उत्तराखंड के प्रसिद्ध राष्ट्रीय निशानेबाज और अंतरराष्ट्रीय स्तर के शूटिंग कोच जसपाल राणा का 49 वर्ष की आयु में निधन हो गया। उन्होंने दिल्ली के मैक्स अस्पताल में अंतिम सांस ली। उनके निधन की खबर से खेल जगत में शोक की लहर दौड़ गई है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, जसपाल राणा कुछ समय से अस्वस्थ चल रहे थे और उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती थे। बताया जा रहा है कि उनके हृदय में कार्डियक ब्लॉकेज की समस्या थी, जिसके उपचार के लिए स्टेंट सर्जरी भी की गई थी। सर्जरी के बाद उनकी स्थिति में सुधार बताया जा रहा था, लेकिन अचानक उनकी तबीयत बिगड़ गई और उनका निधन हो गया।
सूत्रों के अनुसार, हाल ही में जर्मनी के म्यूनिख में आयोजित ISSF वर्ल्ड कप से लौटने के बाद उनकी तबीयत खराब हुई थी। इसके बाद उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया था।
उत्तराखंड के जौनपुर क्षेत्र से संबंध रखने वाले जसपाल राणा देश के सबसे सफल निशानेबाजों में गिने जाते थे। उन्होंने अपने खेल करियर में राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर कई पदक जीतकर भारत का गौरव बढ़ाया। खेल से संन्यास लेने के बाद उन्होंने कोचिंग के क्षेत्र में महत्वपूर्ण योगदान दिया और देश के कई प्रतिभाशाली निशानेबाजों को प्रशिक्षित किया।
जसपाल राणा को विशेष रूप से दो बार की ओलंपिक पदक विजेता निशानेबाज मनु भाकर के कोच के रूप में भी जाना जाता है। उनके मार्गदर्शन में मनु भाकर ने अंतरराष्ट्रीय स्तर पर उल्लेखनीय सफलताएं हासिल कीं। फरवरी 2025 से वह भारतीय टीम के 25 मीटर पिस्टल वर्ग के हाई परफॉर्मेंस कोच के रूप में भी कार्यरत थे।
जसपाल राणा के निधन पर खेल जगत, खिलाड़ियों, प्रशिक्षकों और उनके प्रशंसकों ने गहरा शोक व्यक्त किया है। उनके निधन को भारतीय शूटिंग और उत्तराखंड के लिए अपूरणीय क्षति माना जा रहा है।
उनके असामयिक निधन से न केवल उत्तराखंड बल्कि पूरे देश ने एक महान खिलाड़ी, प्रेरणादायक गुरु और खेल जगत की महत्वपूर्ण हस्ती को खो दिया है।
