
हरिद्वार। चारधाम यात्रा के लिए श्रद्धालुओं का उत्साह लगातार बढ़ रहा है। हरिद्वार के ऋषिकुल मैदान स्थित यात्री पंजीकरण केंद्र पर गुरुवार को विभिन्न राज्यों से आए 4,920 श्रद्धालुओं ने अपना पंजीकरण कराया। प्रशासन द्वारा की गई व्यवस्थाओं के चलते पंजीकरण प्रक्रिया सुचारू रूप से संचालित हो रही है, जिससे यात्रियों को सुविधा मिल रही है।
पंजीकरण आंकड़ों के अनुसार यमुनोत्री धाम के लिए 792, गंगोत्री धाम के लिए 822, केदारनाथ धाम के लिए 1,509, बद्रीनाथ धाम के लिए 1,738 तथा हेमकुंड साहिब के लिए 59 यात्रियों ने पंजीकरण कराया। इस प्रकार कुल 4,920 श्रद्धालुओं ने चारधाम यात्रा के लिए पंजीकरण कराया।
जिला प्रशासन की ओर से ऋषिकुल मैदान पंजीकरण केंद्र पर यात्रियों की सुविधा के लिए पर्याप्त काउंटर, पेयजल, शौचालय, बैठने की व्यवस्था और आवश्यक मार्गदर्शन उपलब्ध कराया जा रहा है। इसके चलते बड़ी संख्या में पहुंच रहे श्रद्धालुओं का पंजीकरण व्यवस्थित ढंग से किया जा रहा है।
जारी बुलेटिन के अनुसार ऋषिकुल मैदान स्थित यात्री पंजीकरण केंद्र से अब तक 04 लाख 17 हजार 118 श्रद्धालु चारधाम यात्रा के लिए पंजीकरण करा चुके हैं। जिला प्रशासन और पर्यटन विभाग की समन्वित कार्यप्रणाली के चलते यात्रा व्यवस्था सुचारू रूप से संचालित हो रही है।
प्रशासन यात्रा सीजन के दौरान यात्रियों की सुरक्षा, सुविधा और निर्बाध यात्रा सुनिश्चित करने के लिए लगातार निगरानी बनाए हुए है। श्रद्धालुओं ने भी पंजीकरण केंद्र पर उपलब्ध कराई गई व्यवस्थाओं की सराहना करते हुए प्रशासन के प्रयासों को सराहा है।
