Home / मुख्य ख़बर / भारी बारिश और ओलावृष्टि के चलते माँ शाकुम्भरी देवी मंदिर तीन दिन के लिए बंद, श्रद्धालुओं से यात्रा न करने की अपील…

भारी बारिश और ओलावृष्टि के चलते माँ शाकुम्भरी देवी मंदिर तीन दिन के लिए बंद, श्रद्धालुओं से यात्रा न करने की अपील…

हरिद्वार। माँ शाकुम्भरी देवी मंदिर क्षेत्र और आसपास के पहाड़ी इलाकों में लगातार हो रही भारी वर्षा एवं ओलावृष्टि के कारण मंदिर में दर्शन अस्थायी रूप से बंद कर दिए गए हैं। प्रशासन ने श्रद्धालुओं से 31 मई तक मंदिर की यात्रा से बचने की अपील की है।
जिला आपदा प्रबंधन अधिकारी मीरा रावत ने बताया कि जिलाधिकारी सहारनपुर से प्राप्त सूचना के अनुसार मंदिर क्षेत्र में अत्यधिक बारिश के चलते अचानक जलप्रवाह बढ़ने की स्थिति बनी हुई है। वहीं मौसम विभाग ने आगामी दिनों के लिए भी भारी वर्षा और ओलावृष्टि का रेड अलर्ट जारी किया है।
उन्होंने कहा कि वर्तमान परिस्थितियों में मंदिर परिसर और आसपास के क्षेत्रों में जलभराव, फिसलन तथा अचानक जलप्रवाह बढ़ने से दुर्घटनाओं और जनहानि की आशंका बनी हुई है। श्रद्धालुओं की सुरक्षा को देखते हुए मंदिर प्रबंधन समिति ने 29 मई से 31 मई 2026 तक मंदिर को दर्शनार्थ अस्थायी रूप से बंद रखने का निर्णय लिया है। इस अवधि में मंदिर में दर्शन और भ्रमण की अनुमति नहीं होगी।
प्रशासन ने सभी श्रद्धालुओं और आमजन से अपील की है कि वे मौसम और प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करें तथा अनावश्यक रूप से मंदिर क्षेत्र की यात्रा न करें। साथ ही जनहित में इस सूचना को सोशल मीडिया और अन्य संचार माध्यमों के जरिए अधिक से अधिक लोगों तक पहुंचाने का अनुरोध किया गया है, ताकि किसी भी अप्रिय घटना से बचा जा सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!