Home / मुख्य ख़बर / श्रद्धा, सेवा और भक्ति के साथ मनाया गुरु महाराज का पावन भंडारा…

श्रद्धा, सेवा और भक्ति के साथ मनाया गुरु महाराज का पावन भंडारा…

आगरा। राधास्वामी मत के तृतीय संत सतगुरु परम गुरु महाराज साहब का पावन भंडारा रविवार को दयालबाग में श्रद्धा, सेवा और हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। प्रातः आरती से लेकर दूसरी पाली के भंडारा कार्यक्रम तक सतसंगी भाई-बहनों और बच्चों ने कृषि सेवा, विशेष पाठ तथा सांस्कृतिक प्रस्तुतियों में सहभागिता की। पूरे आयोजन में भक्ति, समर्पण और सामूहिक सेवा का भाव दिखाई दिया।
प्रातःकाल कुआं नंबर चार स्थित धान की नर्सरी के खेतों में धान की कटाई के दौरान आरती का आयोजन हुआ। पावन भंडारे के अवसर पर दो विशेष पाठ और सांस्कृतिक प्रस्तुतियां भी हुईं। सेवा में जुटे सतसंगी भाई-बहनों, सुपरह्यूमेन स्कीम के बच्चों तथा उपदेश की हाजिरी वाले लोगों ने कार्यक्रम में भाग लिया। वहीं, 60 वर्ष से अधिक आयु के सतसंगी भाई-बहनों ने भंडारा ग्राउंड पर धान की झड़ाई की सेवा की।
दूसरी पाली में भंडारा ग्राउंड पर धान की झड़ाई के साथ प्रीतिभोज का आयोजन किया गया। सांस्कृतिक प्रस्तुतियों और अन्य निर्धारित कार्यक्रमों ने आयोजन को भक्तिमय बनाया। दयालबाग सहित देश-विदेश के अनुमत क्षेत्रों से आए सतसंगियों की सहभागिता से पूरे परिसर में श्रद्धा और सेवा का वातावरण बना रहा।
दोनों पालियों में निर्धारित खेतों की ओर जाते समय गुरु महाराज सतसंगी साहब प्रेमनगर स्थित वेंटेज प्वाइंट पर विराजमान हुए। वहां उपस्थित बड़ी संख्या में संगत ने उनके दर्शन किए। कार्यक्रमों के बाद ईवी से अपने निवास की ओर प्रस्थान करते समय गुरु महाराज मार्ग में खड़े सतसंगी भाई-बहनों और बच्चों को अपनी दयामयी दृष्टि से भावविभोर करते चले गए।
संपूर्ण कार्यक्रम का सजीव प्रसारण ई-कैस्केड के माध्यम से देश-विदेश की सतसंग शाखाओं में किया गया, जिससे विभिन्न स्थानों पर मौजूद सतसंगी भी इस पावन आयोजन से जुड़े रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!