
हरिद्वार। हरिद्वार ग्रामीण की युवा कांग्रेस कार्यकारिणी की महत्वपूर्ण बैठक रानीपुर विधानसभा अध्यक्ष सौरभ सैनी के नेतृत्व में ज्वालापुर स्थित एक होटल में आयोजित की गई। बैठक में युवा कांग्रेस के नवनिर्वाचित प्रदेश अध्यक्ष विशाल भोजक, प्रदेश प्रभारी सुरभि द्विवेदी और सहप्रभारी हरनीत कौर बरार मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। बैठक में संगठन के विस्तार, युवाओं की भागीदारी बढ़ाने, आगामी राजनीतिक कार्यक्रमों और जनहित से जुड़े मुद्दों पर विस्तार से मंथन किया गया।
बैठक के दौरान कार्यकर्ताओं ने संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करने का संकल्प लेते हुए गांव-गांव और घर-घर तक कांग्रेस की नीतियों को पहुंचाने का निर्णय लिया। साथ ही युवाओं को संगठन से जोड़ने के लिए विशेष अभियान चलाने पर भी चर्चा हुई।
प्रदेश अध्यक्ष विशाल भोजक ने कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा कि युवा कांग्रेस प्रदेश के युवाओं की आवाज बनकर लगातार संघर्ष कर रही है। उन्होंने कहा कि आज देश और प्रदेश का युवा बेरोजगारी, महंगाई, शिक्षा व्यवस्था की अव्यवस्थाओं और नीट जैसे पेपर लीक मामलों से परेशान है। भाजपा सरकार युवाओं के भविष्य के साथ खिलवाड़ कर रही है, जिसे युवा कांग्रेस बर्दाश्त नहीं करेगी। उन्होंने कहा कि युवा कांग्रेस युवाओं के अधिकारों और उनके भविष्य की लड़ाई पूरी मजबूती से लड़ेगी।
उन्होंने कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि वे घर-घर जाकर युवाओं को संगठन से जोड़ें और कांग्रेस की विचारधारा को जन-जन तक पहुंचाएं। उन्होंने कहा कि आने वाला समय युवाओं का है और युवा कांग्रेस प्रदेश में एक मजबूत शक्ति बनकर उभरेगी।
प्रदेश प्रभारी सुरभि द्विवेदी ने कार्यकर्ताओं के उत्साह और सक्रियता की सराहना करते हुए कहा कि युवा कांग्रेस तेजी से मजबूत हो रही है। उन्होंने कहा कि संगठन की मजबूती के लिए हर कार्यकर्ता को बूथ स्तर तक सक्रिय रहना होगा। उन्होंने “एक बूथ-पांच यूथ” का मंत्र देते हुए कहा कि प्रत्येक कार्यकर्ता को अपने क्षेत्र में पांच नए युवाओं को संगठन से जोड़ना है। तभी संगठन को मजबूती मिलेगी और कांग्रेस पार्टी आगामी 2027 के विधानसभा चुनाव तथा 2029 के लोकसभा चुनाव में बेहतर प्रदर्शन कर सकेगी।
जिला कांग्रेस अध्यक्ष बालेश्वर सिंह ने कहा कि कांग्रेस पार्टी हमेशा युवाओं को आगे बढ़ाने और नेतृत्व देने का कार्य करती रही है। उन्होंने कहा कि संगठन में युवाओं की भागीदारी बढ़ने से पार्टी और अधिक मजबूत होगी।
पूर्व जिलाध्यक्ष राजीव चौधरी और तेलूराम प्रधान ने कहा कि युवा ही देश का भविष्य हैं। उन्होंने कहा कि “जिस ओर जवानी चलती है, उसी ओर जमाना चलता है।” उन्होंने कार्यकर्ताओं से आगामी विधानसभा चुनाव को देखते हुए घर-घर जाकर भाजपा सरकार की जनविरोधी नीतियों और कांग्रेस की उपलब्धियों को जनता तक पहुंचाने का आह्वान किया।
कार्यक्रम का संचालन वरिष्ठ कांग्रेस नेता मनोज सैनी ने किया। अंत में यूथ कांग्रेस के जिला उपाध्यक्ष गौरव चौहान ने सभी अतिथियों एवं कार्यकर्ताओं का स्वागत और आभार व्यक्त करते हुए संगठन को और अधिक मजबूत बनाने का संकल्प दोहराया।
बैठक में पूर्व मंत्री ओमवीर तोमर, रानीपुर से प्रत्याशी रहे राजबीर चौहान, वरिष्ठ कांग्रेस नेता सोम त्यागी, संजय सैनी, प्रदेश महासचिव एडवोकेट फुरकान अली, पूर्व ब्लॉक अध्यक्ष विकास चंद्रा, आर्यनगर युवा कांग्रेस के नवनिर्वाचित ब्लॉक अध्यक्ष यश शर्मा, पूर्व प्रदेश सचिव सागर बेनीवाल, शिवालिक नगर ब्लॉक अध्यक्ष मोहन राणा, एससी प्रकोष्ठ जिला अध्यक्ष तीर्थपाल रवि, पूर्व पार्षद सोहेल कुरैशी, राहुल सैनी विधानसभा अध्यक्ष लक्सर, तौफीक अनवर, अरबाज अंसारी, रवीश भटीजा, महानगर उपाध्यक्ष अनिल ठाकुर, एससी प्रकोष्ठ महानगर अध्यक्ष मनोज जाटव, अरविंद गुर्जर, अक्षय सैनी, अजय मुखिया, अनिल भास्कर, विनोद कुमार, समीर अंसारी, राहुल चौधरी, अकरम गुज्जर, नौमान प्रधान, अब्दुल रहमान, एजाज अली, शहजाद, हर्ष चौहान, अंकित चौहान सहित बड़ी संख्या में युवा कांग्रेस पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
