
हरिद्वार। रेड़ी-पटरी और स्ट्रीट वेंडर्स के संगठन लघु व्यापार एसो के तीन वर्षीय चुनाव शुक्रवार को गंगा सवेरा स्टैंड एंड कैफे सभागार में संपन्न हुए। चुनाव प्रक्रिया में हरिद्वार नगर निगम क्षेत्र के विभिन्न लघु व्यापारी और स्ट्रीट वेंडर संगठनों के प्रतिनिधियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
संरक्षक पंडित चंद्र प्रकाश शर्मा की अध्यक्षता में आयोजित चुनाव प्रक्रिया चुनाव पर्यवेक्षक अनिल शर्मा तथा संयोजक तेज प्रकाश साहू, राजेश खुराना, संजय बंसल और लालचंद गुप्ता की देखरेख में संपन्न कराई गई। चुनाव समिति द्वारा चार नामांकन पत्रों पर विचार करने के बाद सर्वसम्मति से संजय चोपड़ा को लगातार नौवीं बार प्रदेश अध्यक्ष निर्विरोध निर्वाचित घोषित किया गया। इसके साथ ही राजकुमार को प्रदेश महामंत्री, पं. मनीष शर्मा को प्रदेश कोषाध्यक्ष और सचिन राजपूत को सहायक कोषाध्यक्ष निर्विरोध चुना गया।
नवनिर्वाचित प्रदेश अध्यक्ष संजय चोपड़ा ने कहा कि वर्ष 2002 में उत्तराखंड राज्य गठन के बाद से संगठन लगातार रेड़ी-पटरी और फुटपाथ कारोबारियों के अधिकारों के लिए संघर्ष करता आ रहा है। उन्होंने कहा कि संगठन के प्रयासों के चलते 25 मई 2016 को उत्तराखंड सरकार द्वारा नगरीय फेरी नीति नियमावली लागू की गई, जिसका लाभ प्रदेशभर के स्ट्रीट वेंडर्स को मिल रहा है।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री स्ट्रीट वेंडर आत्मनिर्भर योजना के तहत प्रदेश के विभिन्न नगर निगम और नगर पालिकाओं द्वारा स्ट्रीट वेंडर्स को योजनाबद्ध तरीके से वेंडिंग जोन में व्यवस्थित किया जा रहा है। संजय चोपड़ा ने चुनाव प्रबंधन समिति और संगठन से जुड़े सभी प्रतिनिधियों का आभार व्यक्त किया।
चुनाव प्रक्रिया में विकास सक्सेना, मधुबन सिंह, दिलीप गुप्ता, वीरेंद्र गिरी, चरणजीत, चक्रवर्ती सिंह चौहान, कपिल सिंह, नीतीश अग्रवाल, मोहनलाल, पवन सिंह, सुनील कुकरेती, फूल सिंह, मनीष कुमार, ओमप्रकाश भाटिया, विजय गुप्ता, भोला यादव, उमेश कुमार, आजम अंसारी, धर्मपाल, जय भगवान, रणवीर सिंह, सुभाष कुमार, सुमन गुप्ता, आशा देवी, अंजू पाल, सुनीता चौहान, सनी मिश्रा और बबीता देवी समेत बड़ी संख्या में लघु व्यापारी संगठनों के प्रतिनिधि मौजूद रहे।
