हरिद्वार / बहादराबाद। रविवार को हरिद्वार के बहादराबाद इंडस्ट्रियल एरिया स्थित प्राइवेट लिमिटेड कम्पनी में रविवार को अचानक भीषण आग लगने से इलाके में हड़कंप मच गया। आग इतनी भयावह थी कि उसकी लपटें और धुआं दूर-दूर तक दिखाई देने लगा, जिससे आसपास के लोगों और कर्मचारियों में अफरा-तफरी फैल गई।
घटना की सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की कई गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और आग पर काबू पाने के लिए घंटों तक लगातार प्रयास जारी रहा। दमकल कर्मियों ने कड़ी मशक्कत के बाद आग को फैलने से रोका और आग पर काबू पाया।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार आग में फैक्ट्री की मशीनरी और तैयार माल जलकर खाक हो गया है, जिससे लाखों रुपये के नुकसान की आशंका जताई जा रही है। गनीमत यह रही कि इस दौरान कोई जनहानि नहीं हुई।फिलहाल आग लगने के कारणों का पता नहीं चल पाया है। मौके पर स्थानीय पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी भी मौजूद हैं और स्थिति पर नजर बनाए हुए हैं।
प्रशासन द्वारा जांच के आदेश दिए जाने की संभावना है, वहीं सुरक्षा मानकों को लेकर भी सवाल उठने लगे हैं।
