
उत्तराखण्ड / हरिद्वार। उत्तराखंड के समस्त तीर्थों के दर्शन, प्रदेश की विकास प्रगति और देश में अमन-चैन की कामना को लेकर श्री पंच दशनाम अखाड़े द्वारा संचालित जगद्गुरु शंकराचार्य जी की पवित्र छड़ी यात्रा अपने प्रथम चरण में गुरुवार को यमुनोत्री धाम पहुंची।
यमुनोत्री धाम में तीर्थ पुरोहितों और श्रद्धालुओं ने पवित्र छड़ी का विधिवत पूजन-अर्चन कर स्नान कराया। यमुनोत्री दर्शन के बाद यात्रा महायोगी पायलट बाबा के भटवाड़ी स्थित आश्रम में विश्राम के लिए पहुंची, जहां प्रशासनिक अधिकारियों ने संतों का स्वागत किया।
शुक्रवार सुबह यात्रा भटवाड़ी से गंगोत्री धाम के लिए रवाना हुई।
पवित्र छड़ी यात्रा के प्रमुख महंत हिमालय पीठाधीश्वर श्री महंत वीरेंद्र आनंद गिरि महाराज ने बताया यह पवित्र छड़ी अपने प्रथम चरण में यमुनोत्री गंगोत्री के दर्शनों के पश्चात बद्रीनाथ धाम केदारनाथ धाम तुंगनाथ धाम त्रिजुगेनारायण अनुसूया मंडल अखी मठ होते हुए करण प्रयाग पहुंचेगी इसके अतिरिक्त यह पवित्र छड़ी ऐसे पौराणिक मंदिरों के भी दर्शन करेगी जिन्हें अपेक्षाकृत श्रद्धालुओं को जानकारी नहीं है इस यात्रा का उद्देश्य ऐसे पौराणिक मंदिरों का भी प्रचार प्रसार कर श्रद्धालुओं को उनके दर्शनों के लिए आने के लिए प्रेरित करना है।
संत समाज के अनुसार यह पवित्र छड़ी यात्रा चारधाम सहित उत्तराखंड के सभी प्रमुख तीर्थों का भ्रमण करेगी। यात्रा का उद्देश्य सनातन संस्कृति का प्रचार और विश्व कल्याण की कामना है।













