शक्ति स्वरूपा मां चण्डी देवी के दरबार में आने वाले भक्तों की होती हैं सभी मनोकामनाएं पूरी -महंत रोहित गिरी।

हरिद्वार। मां चण्डी देवी मंदिर के महंत रोहित गिरी महाराज ने कहा कि शक्ति स्वरूपा मां भगवती के दरबार में जो भक्त सच्ची श्रद्धा लेकर आते हैं। मां चण्डी देवी उनकी सभी मनोकामनाएं पूर्ण करती हैं। चौथे नवरात्र पर मंदिर में दर्शन पूजन करने आए भक्तों को आशीवर्चन प्रदान करते हुए महंत रोहित गिरी ने कहा कि चौथे नवरात्र पर जगत जननी मां भगवती के कुष्मांडा स्वरूप की पूजा आराधना की जाती है। देवी कुष्मांडा ब्रह्मांड की सृजनकर्ता और पोषक शक्ति हैं। उनकी ऊष्मा, ऊर्जा और प्रकाश से अनगिनत ब्रह्मांडों का सृजन और पालन होता है। मां कुष्मांडा इस संसार की आधारभूत शक्ति हैं और उनके तेज से समस्त दिशाएं प्रकाशित होती हैं। मां कुष्मांडा की कृपा से साधक के समस्त रोग और शोक समाप्त हो जाते हैं और उसे आयु, विद्या, यश, बल और उत्तम स्वास्थ्य प्राप्त होता है। महंत रोहित गिरी महाराज ने कहा कि नवरात्र आदि शक्ति मां भगवती की कृपा प्राप्त करने का सबसे उत्तम अवसर है। नवरात्रों में प्रतिदिन मां भगवती की पूजा आराधना करने से अक्षय पुण्य की प्राप्ति होती है। इसलिए प्रत्येक व्यक्ति को नवरात्रों में मां भगवती का ध्यान और उनकी आराधना अवश्य करनी चाहिए। इस अवसर पर सुनील मोगली, आचार्य पंकज रतूड़ी, विशाल कश्यप, ओमप्रकाश शास्त्री, सुनील कश्यप आदि मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!