Home / राज्य / विजिलेंस जांचों में देरी और भ्रष्टाचार के आरोपियों को कथित संरक्षण के विरोध में सुराज सेवा दल का हल्लाबोल , देखें वीडियो

विजिलेंस जांचों में देरी और भ्रष्टाचार के आरोपियों को कथित संरक्षण के विरोध में सुराज सेवा दल का हल्लाबोल , देखें वीडियो

देहरादून।आज सुराज सेवा दल के सैकड़ों कार्यकर्ता प्रदेश कार्यालय में एकत्रित हुए। प्रदेश में विजिलेंस जांचों में हो रही देरी, भ्रष्टाचार के आरोपियों एवं माफियाओं के विरुद्ध कार्रवाई न होने तथा गृह विभाग की कथित मौन सहमति के विरोध में सुराज सेवा दल द्वारा सचिवालय के बाहर भूख हड़ताल का कार्यक्रम तय किया गया था।

प्रदेश अध्यक्ष श्री रमेश जोशी जी के नेतृत्व में कार्यकर्ता प्रदेश कार्यालय से सचिवालय की ओर भूख हड़ताल के लिए रवाना हुए। कार्यालय के बाहर पुलिस द्वारा घेराबंदी कर कार्यकर्ताओं को रोकने का प्रयास किया गया, लेकिन प्रदेश अध्यक्ष श्री रमेश जोशी जी पुलिस को चकमा देते हुए सचिवालय पहुंच गए और वहां भ्रष्टाचार तथा लंबित विजिलेंस जांचों के विरोध में अपना विरोध दर्ज कराया।

कुछ ही देर बाद प्रदेश महामंत्री देवेन्द्र सिंह बिष्ट, जिलाध्यक्ष सुमित अग्रवाल सहित सुराज सेवा दल के पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता भी सचिवालय पहुंच गए और आंदोलन में शामिल हुए। इसके बाद पुलिस द्वारा प्रदेश अध्यक्ष रमेश जोशी को कैंट थाने ले जाया गया, जबकि प्रदेश महामंत्री देवेन्द्र सिंह बिष्ट, जिलाध्यक्ष सुमित अग्रवाल एवं अन्य कार्यकर्ताओं को पुलिस लाइन ले जाया गया।

पुलिस लाइन में जिलाध्यक्ष सुमित अग्रवाल भूख हड़ताल पर बैठ गए। उन्होंने कहा कि भ्रष्टाचार के खिलाफ यह लड़ाई रुकने वाली नहीं है। विजिलेंस जांचों को वर्षों तक लटकाकर दोषियों को बचाने का काम किया जा रहा है। जनता जानना चाहती है कि जांचों का निष्कर्ष कब आएगा और भ्रष्टाचारियों पर कार्रवाई कब होगी।

प्रदेश अध्यक्ष रमेश जोशी ने कहा कि उत्तराखंड की जनता भ्रष्टाचार, माफियागिरी और सत्ता के संरक्षण से त्रस्त है। विजिलेंस जांचों को निष्कर्ष तक न पहुंचाना जनता के साथ धोखा है। उन्होंने कहा कि सुराज सेवा दल मांग करता है कि लंबित विजिलेंस जांचों का शीघ्र निष्कर्ष निकाला जाए, भ्रष्टाचार के आरोपियों और माफियाओं पर कठोर कार्रवाई की जाए तथा गृह विभाग अपनी चुप्पी तोड़े।

प्रदेश महामंत्री देवेन्द्र सिंह बिष्ट ने कहा कि सरकार आंदोलन की आवाज को पुलिस बल से दबाने का प्रयास कर रही है, लेकिन जनता के मुद्दों पर सुराज सेवा दल पीछे हटने वाला नहीं है। उन्होंने कहा कि भ्रष्टाचार के खिलाफ आवाज उठाना जनता का अधिकार है और जब तक भ्रष्टाचार के मामलों में पारदर्शी कार्रवाई नहीं होगी, तब तक संघर्ष जारी रहेगा।

जिला अध्यक्ष सुमित अग्रवाल ने कहा कि विजिलेंस जांचों में देरी और भ्रष्टाचार के आरोपियों को बचाने की प्रवृत्ति जनता के साथ अन्याय है। उन्होंने कहा कि सुराज सेवा दल जनता के हक और ईमानदार व्यवस्था की लड़ाई लड़ रहा है। यदि सरकार ने शीघ्र कार्रवाई नहीं की, तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा।

सुराज सेवा दल ने मांग की कि विजिलेंस जांचों में हो रही देरी तत्काल समाप्त की जाए, सभी लंबित जांचों का निष्कर्ष सार्वजनिक किया जाए, भ्रष्टाचार के आरोपियों एवं माफियाओं के विरुद्ध कठोर कार्रवाई की जाए और गृह विभाग की भूमिका को स्पष्ट किया जाए।

इस अवसर पर रमेश जोशी, देवेन्द्र बिष्ट, सुमित अग्रवाल, कमल धामी, कावेरी जोशी, अमित अग्रवाल, राजेश थापा, वीरेंद्र सिंह, हिमांशु धामी, नवीन, मोनू, दिव्यांश, पूजा नेगी, संगीता, मोनिका, नसरीन, सुमन, लक्ष्मी, गीता आदि मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!